चंदौली के कंपोजिट विद्यालय में गायब मिले शिक्षक और अनुदेशक, रोका गया वेतन
चंदौली के कंपोजिट विद्यालय हिनौली में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के औचक निरीक्षण में दो सहायक अध्यापक, एक शिक्षामित्र और एक अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए।

कंपोजिट विद्यालय में गायब मिले शिक्षक और अनुदेशक।
HighLights
बीएसए ने कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया।
दो शिक्षक, एक शिक्षामित्र, एक अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए।
अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोका, स्पष्टीकरण मांगा गया।
जागरण संवाददाता, नियामताबाद (चंदौली)। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और अध्यापकों की समयबद्धता परखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार गुरुवार को विकास खंड स्थित कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दो सहायक अध्यापक सहित शिक्षा मित्र व अनुदेशक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के साथ ही साथ जवाब तलब किया है।
बीएसए सुबह 8ः45 बजे कंपोजिट विद्यालय हिनौली पहुंचे। इस दौरान सहायक अध्यापक शिल्पी गुप्ता, प्रीति गुप्ता सहित अनुदेशक सुनीता यादव व शिक्षा मित्र चिंतामणी बिना किसी सूचना गायब मिले। बीएसए ने चेताया कि अनुशासनहिनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कहा कि शासन का प्राथमिक उद्देश्य हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। यदि शिक्षक ही समय पर उपस्थित नहीं रहेंगे, तो शासन की मंशा और बच्चों का भविष्य दोनों प्रभावित होंगे। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए चारों कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने न केवल प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखा, बल्कि खुद एक शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से सीधा संवाद किया, उन्हें पढ़ाया और पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा।
इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील की गुणवत्ता और छात्र उपस्थिति पंजिका की गहन जांच की। इस मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज श्रीवास्तव आदि थे।
यह भी पढ़ें- गाजीपुर में विद्युत चेकिंग में 15 अवैध कनेक्शन मिले, FIR दर्ज कराने की तैयारी शुरू
