चंदौली में 316 करोड़ की लागत से गंगा और कर्मनाशा पर बनेंगे दो नए पुल, पूर्वांचल-बिहार के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
चंदौली जिले में गंगा और कर्मनाशा नदियों पर कुल 316 करोड़ रुपये की लागत से दो नए पुलों का निर्माण होगा, जिससे गाजीपुर और बिहार से आवागमन सुगम होगा। ...और पढ़ें

316 करोड़ से गंगा और कर्मनाशा पर बनेंगे दो नए पुल।
HighLights
चंदौली में गंगा-कर्मनाशा पर बनेंगे दो नए पुल।
कुल 316 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण।
गाजीपुर-बिहार से आवागमन और व्यापार होगा सुगम।
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिले के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गाजीपुर और बिहार से आवागमन को सुगम बनाने के लिए गंगा और कर्मनाशा नदी पर दो नए पुलों के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
नगवा-चौचकपुर के बीच गंगा नदी पर करीब 290 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है, जबकि नरहन में कर्मनाशा नदी पर 26 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल को स्वीकृति मिल चुकी है। दोनों परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 316 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सेतु निगम ने कर्मनाशा पुल के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना में लगभग तीन करोड़ रुपये किसानों को भूमि मुआवजे के रूप में दिए जाएंगे।
गंगा पुल के निर्माण के लिए मिट्टी परीक्षण और सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। इसका प्रस्ताव सेतु निगम की ओर से योजना आयोग को भेज दिया गया है। परियोजना का निर्माण नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से कराया जाएगा। पुल बनने के बाद चंदौली, गाजीपुर और बिहार के बीच संपर्क और मजबूत होगा।
साथ ही लोगों को करीब 15 से 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से राहत मिलेगी। वर्तमान में सैदपुर का गंगा पुल काफी जर्जर हो चुका है, जिसके कारण उस पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित है। इससे व्यापार, कृषि और दैनिक आवागमन प्रभावित होता है।
नए पुल के निर्माण से न केवल यातायात का दबाव कम होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों और ग्रामीण संपर्क को भी नई गति मिलेगी। दोनों परियोजनाओं को जिले की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना योजनाओं में माना जा रहा है।
खबरें और भी
सेतु निगम का एक प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है। पुलों के निर्माण से जिले में आवागमन आसान होगा। इससे व्यापार भी बढ़ेगा। जनपद में विकास कार्य को गति मिली है। पचास लाख से ऊपर के कई प्रोजेक्ट पूर्ण हो चुके हैं। -चंद्रमोहन गर्ग, जिलाधिकारी।
यह भी पढ़ें- रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने की तैयारी, 60 करोड़ का लोन स्वीकृत