चंदौली में पति ने हत्या के डर से करा दी पत्नी और उसके प्रेमी की शादी, 48 साल की पत्नी का 21 साल के युवक से चल रहा था चक्कर
चंदौली में एक पति ने अपनी पत्नी और उसके 21 वर्षीय प्रेमी की कोर्ट मैरिज करा दी, क्योंकि पत्नी वापस आने को तैयार नहीं थी। पति को आशंका थी कि यदि वह पत् ...और पढ़ें

चंदौली में पति ने अपनी पत्नी और प्रेमी की कराई शादी हत्या के डर से लिया फैसला। (AI Image)
HighLights
पति ने पत्नी और प्रेमी की कोर्ट मैरिज कराई।
पत्नी के वापस न आने पर पति को जान का डर था।
यह अनोखा मामला चंदौली में चर्चा का विषय बना।
जागरण संवाददाता, चंदौली। पत्नी के प्रेम प्रसंग से टूट चुके एक पति ने ऐसा फैसला लिया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। पत्नी को वापस घर लाने की तमाम कोशिशें नाकाम होने और अपनी जान का खतरा महसूस होने पर उसने स्वयं पत्नी का उसके प्रेमी से कोर्ट मैरिज करा दी। पति का कहना है कि उसे डर था कि यदि वह पत्नी को जबरन साथ रखेगा तो कहीं उसकी हत्या न करवा दी जाए। मामला सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र का है।
डैना गांव निवासी जीवनाथ दिल्ली में वेल्डिंग का काम करता है। बताया कि लगभग एक वर्ष पहले ट्रेन में सफर के दौरान उसकी 48 वर्षीय पत्नी सरिता की मुलाकात गाजीपुर जिले के गहमर निवासी 21 वर्षीय अजय गुप्ता से हुई। अजय ट्रेनों में मूंगफली बेचता है। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गया। अप्रैल में वह दिल्ली से घर आया था।
कुछ दिन बाद दोबारा दिल्ली लौट गया। चार दिन बाद सूचना मिली कि पत्नी घर छोड़कर चली गई है। उसने सकलडीहा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुरुआती दौर में मायके पक्ष ने उस पर हत्या का आरोप लगाया भी था। लेकिन, पुलिस जांच में पता चला कि महिला अपने प्रेमी के साथ गई है। जीवनाथ को सूचना मिली कि दोनों सकलडीहा रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले हैं।
वह पहले से स्टेशन पर पहुंच गया। ट्रेन से उतरने पर उसने पत्नी से घर लौटने की गुहार लगाई। लेकिन, उसने साफ इन्कार कर दिया और प्रेमी के साथ ही रहने की सहमति जताई। इस दौरान तीनों के बीच कहासुनी भी हुई। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया। जीवनाथ ने बताया कि उसने पत्नी को समझाने की हर संभव कोशिश की।
खबरें और भी
लेकिन, जब वह किसी भी हाल में साथ चलने को तैयार नहीं हुई तो वह दोनों को रजिस्ट्रार कार्यालय ले गया और कोर्ट मैरिज करा दी। उसके सामने ही दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह की औपचारिकताएं पूरी कीं। महिला ने तीनों बच्चों को अपने साथ रखने से भी इन्कार करते हुए कहा कि बच्चे पति के हैं, इसलिए वही उनकी देखभाल करेगा।
जीवनाथ को थी हत्या करा देने की आशंका
जीवनाथ ने बताया कि आजकल पति की हत्या कराने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उसे भी आशंका थी कि यदि पत्नी को जबरन साथ रखा तो वह उसकी हत्या करवा सकती है। इसलिए उसने दोनों की शादी करा देना ही उचित समझा। वहीं, सरिता का आरोप है कि पति उसके साथ मारपीट करता था और घर खर्च भी नहीं देता था। इसी कारण उसने प्रेमी के साथ रहने का निर्णय लिया। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
28 साल पहले सरिता से हुई थी शादी
जीवनाथ राजभर की शादी लगभग 28 वर्ष पहले नई बाजार (महेशुआ) निवासी सरिता राजभर से हुई थी। तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा 17 वर्ष का है और सकलडीहा इंटर कालेज में कक्षा नौ में पढ़ता है। इसके अलावा 14 वर्ष की बेटी और सात वर्ष का बेटा गांव के स्कूल में पढ़ते हैं।