चंदौली में ऑटो में सवारियों से टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन बदमाश गिरफ्तार
मुगलसराय पुलिस ने ऑटो में सवारियों का ध्यान भटकाकर पैसे चुराने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने ऑटो में सवारियों को बैठाकर उनका ध्यान भटकाने और पैसे उड़ाने वाले गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयोग आटो रिक्शा और दो हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि अलीनगर क्षेत्र के ताराजीवनपुर के रहने वाले प्रदीप कुमार गोड़ ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 मई को घर जाने के लिए आटो में बैठने के दौरान उसमें पहले से मौजूद तीन लोगों ने उन्हें बातों में उलझा लिया और जेब से 2500 निकाल लिए।
पीड़ित ने भी की आरोपियों की पहचान
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा केस दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह व रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी शिव पूजन बिंद के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस ने सुभाष पार्क के पास पानी टंकी के सामने से घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को ऑटो सहित दबोच लिया।
पीड़ित ने भी मौके पर पहुंचकर आरोपितों और ऑटो की पहचान की। पकड़े गए आरोपितों में राजू और साजन मीरजापुर के भुईली खास गांव के मुकुल कुमार सौगाई (चंदौली) का रहने वाला है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने बताया है कि वे कंधे पर गमछा रखकर सवारी का ध्यान भटकाते थे और पलक झपकते ही हाथ साफ कर देते थे।
यह भी पढ़ें- चंदौली में गेहूं की खरीदारी ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड, 3862 किसान हुए लाभान्वित