Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंदौली में 50 शिक्षक और कर्मचारी मिले अनुपस्थित, अब जवाब देने के बाद ही मिलेगा वेतन

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 08:14 PM (IST)

    चंदौली में जिला विद्यालय निरीक्षक ने माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें 50 शिक्षक व कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मियों से स्प ...और पढ़ें

    50 शिक्षक और कर्मचारी मिले अनुपस्थित। AI जेनरेटेड फोटो

    50 शिक्षक और कर्मचारी मिले अनुपस्थित। AI जेनरेटेड फोटो

    HighLights

    1. चंदौली में माध्यमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।

    2. निरीक्षण में 50 शिक्षक और कर्मचारी अनुपस्थित मिले।

    3. अनुपस्थित कर्मियों का वेतन स्पष्टीकरण तक रोका गया।

    जागरण संवाददाता, चंदौली। शासन की मंशा के अनुरूप माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार ने गुरुवार को सकलडीहा इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज सैयदराजा व जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया।

    निरीक्षण में निर्धारित समय पर अनुपस्थित मिले 50 प्रवक्ताओं, सहायक अध्यापकों, प्रभारी लिपिकों और परिचारकों से स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने तक उनका वेतन बाधित रहेगा।

    जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन में हुए निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और समय सारिणी का जायजा लिया।

    जांच में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित नहीं मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित सभी कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

    जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सभी शिक्षक और कर्मचारी निर्धारित समय सारिणी के अनुसार विद्यालय पहुंचकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समय पालन और अनुशासन में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं मिलेगा, उनका वेतन तब तक बाधित रहेगा, जब तक सक्षम स्तर पर स्पष्टीकरण स्वीकार नहीं कर लिया जाता।

    साथ ही कहा कि जनपद के सभी माध्यमिक विद्यालयों में औचक निरीक्षण का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने या कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।

    यह भी पढ़ें- जौनपुर में ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 92 हजार रुपये बरामद

    खबरें और भी