Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना: जापान जाने का मिलेगा मौका, 6 से 12 तक के छात्रों से मांगे गए वैज्ञानिक आइडिया

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 02:13 PM (GMT+05:30)

    इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत चंदौली के कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों से वैज्ञानिक आइडिया मांगे गए हैं। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. कक्षा 6-12 के छात्रों से मांगे गए नवाचारी वैज्ञानिक आइडिया।

    2. चयनित छात्रों को मॉडल निर्माण हेतु मिलेंगे दस हजार रुपये।

    3. राष्ट्रीय स्तर पर चयनित बाल विज्ञानी जापान की यात्रा करेंगे।

    जागरण संवाददाता, चंदौली। जनपद के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित पूर्वांचल के बाल विज्ञानी साकुरा साइंस कार्यक्रम के तहत जापान की शैक्षणिक यात्रा पर जाएंगे।

    इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत कक्षा छठवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से अभिनव वैज्ञानिक आइडिया आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को विज्ञान मॉडल तैयार करने के लिए दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। उत्कृष्ट मॉडल जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी तक पहुंचेंगे।

    योजना के तहत जिले के परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों के नवाचारी आइडिया आनलाइन पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच बेहतर आइडिया भेजे जाएंगे।

    चयनित विद्यार्थियों को विज्ञान मॉडल विकसित करने के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी, जिससे वे अपने विचारों को व्यवहारिक रूप दे सकें। योजना विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही।

    जिला और राज्य स्तर की प्रदर्शनी में चयनित मॉडल राष्ट्रीय स्तर पर भेजे जाएंगे। राष्ट्रीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाल विज्ञानियों का चयन साकुरा साइंस कार्यक्रम के लिए होगा।

    चयनित विद्यार्थियों को जापान में वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण करने, वहां के विज्ञानियों से संवाद करने और आधुनिक विज्ञान व तकनीक की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यात्रा का पूरा खर्च भारत सरकार उठाएगी।

    15 सितंबर तक अपलोड होंगे आइडिया

    इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय से कम से कम पांच नवाचारी आइडिया 15 सितंबर तक inspireawards-dst.gov.in के आनलाइन पोर्टल पर अपलोड कराने को कहा गया है।

    इसके लिए प्रधानाचार्यों और विज्ञान शिक्षकों को विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ समय से उनके आइडिया पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों के मॉडल जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

    खबरें और भी

    इंस्पायर अवार्ड-मानक योजना विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है। सभी परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों को अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं के अभिनव आइडिया 15 सितंबर तक इंस्पायर अवार्ड के आनलाइन पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि जिले के अधिकाधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थी इस योजना का लाभ उठाएं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए जापान तक पहुंचें।

    -धर्मेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक।