Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चंदौली में स्कूल जा रहे कक्षा दो के छात्र को पागल कुत्ते ने दौड़ाकर काटा, जबड़े में दबोचकर दूर तक घसीटा

    By mahendra dubeyEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Mon, 03 Aug 2026 01:45 PM (IST)

    चंदौली के मझगावां में स्कूल जा रहे कक्षा दो के छात्र को एक पागल कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने बच्चे को बचाया और अस्पताल पह ...और पढ़ें

    चंदौली में स्कूल जा रहे छात्र पर पागल कुत्ते का हमला ग्रामीणों में दहशत।

    चंदौली में स्कूल जा रहे छात्र पर पागल कुत्ते का हमला ग्रामीणों में दहशत।

    HighLights

    1. मझगावां में स्कूल जा रहे छात्र पर पागल कुत्ते का हमला।

    2. कुत्ते ने बच्चे के पैर में कई जगह काटा, ग्रामीणों ने बचाया।

    3. एंटी-रेबीज टीका लगाया गया, आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग।

    जागरण संवाददाता, चंदौली। विकास क्षेत्र के मझगावां नई बस्ती में सोमवार सुबह स्कूल जा रहे कक्षा दो के छात्र को पागल कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के पैर में कई जगह काटा और जबड़े में फंसाकर घसीटने लगा। चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे लोगों ने दौड़कर बच्चे को बचाया।

    सोनभद्र के रायपुर गांव निवासी चंद्रनाथ का पुत्र संघर्ष मझगावां में अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। सोमवार सुबह वह घर से स्कूल जा रहा था। रास्ते में अचानक एक पागल कुत्ते ने उसे दौड़ा लिया। डर के मारे संघर्ष भागने लगा, लेकिन कुत्ते ने उसे पकड़ लिया। कुत्ते ने उसके पैर में दो-तीन जगह गहरे जख्म कर दिए। जमीन पर गिरने के बाद भी कुत्ते ने जबड़े में पैर फंसाकर उसे घसीटना शुरू कर दिया। दर्द से तड़पकर संघर्ष जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

    बच्चे की चीख सुनकर पास के खेत में काम कर रहे लोग लाठी-डंडा लेकर दौड़े। लोगों के शोर मचाने पर कुत्ता संघर्ष को छोड़कर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे के स्वजन को सूचना दी। सूचना मिलते ही मामा सतीश मौके पर पहुंचे और संघर्ष को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचे। जहां पर डॉक्टर सत्य सिंह ने संघर्ष का प्राथमिक उपचार किया।

    डाक्टर ने बताया कि कुत्ते ने पैर में कई जगह काटा है। बच्चे को एंटी रेबीज और टीटी का डोज लगाया गया है। डॉक्टर ने परिजनों को निर्देश दिया कि घाव पर किसी भी प्रकार की दवा, हल्दी या घरेलू उपाय न लगाएं। रेबीज से बचाव के लिए 5 डोज का कोर्स पूरा कराना जरूरी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आवारा और पागल कुत्तों को लेकर दहशत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल जाने वाले रास्तों और बस्तियों में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए।

    खबरें और भी