Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देश में ट्रेनों के समय पालन में डीडीयू मंडल की हैट्रिक, 10 दिनों में तीसरी बार बना नया रिकॉर्ड

    By vivek dubeyEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 12:26 PM (GMT+05:30)

    पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने 3 अगस्त को सभी 150 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन सुनिश्चित कर नया कीर्तिमान बनाया। यह उपलब्धि मंडल ने ...और पढ़ें

    डीडीयू मंडल ने ट्रेनों के समय पालन में लगाई हैट्रिक 10 दिनों में तीसरी बार बनाया रिकॉर्ड।

    डीडीयू मंडल ने ट्रेनों के समय पालन में लगाई हैट्रिक 10 दिनों में तीसरी बार बनाया रिकॉर्ड।

    HighLights

    1. डीडीयू मंडल ने 100% ट्रेन समयपालन का रिकॉर्ड बनाया।

    2. यह उपलब्धि 10 दिनों में तीसरी बार हासिल की गई।

    3. व्यस्ततम मंडल ने परिचालन दक्षता की नई मिसाल पेश की।

    जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। देश के सबसे व्यस्त रेल मंडलों में शुमार पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल ने समयपालन के क्षेत्र में एक और नया कीर्तिमान स्थापित किया है। तीन अगस्त को मंडल ने सभी 150 मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन सुनिश्चित कर परिचालन दक्षता की नई मिसाल पेश की।

    खास बात यह रही कि महज दस दिनों के भीतर यह तीसरा अवसर है, जब मंडल ने यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले 26 जुलाई और एक अगस्त को भी सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन निर्धारित समय के अनुरूप हुआ था। देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल इस खंड से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं। ऐसे में समयबद्ध संचालन किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं होता।

    इसके बावजूद परिचालन, सिग्नल, इंजीनियरिंग, विद्युत, यांत्रिक, वाणिज्य, स्टेशन प्रबंधन तथा कंट्रोल कार्यालय के बीच बेहतर तालमेल ने इस उपलब्धि को संभव बनाया। सूक्ष्म योजना, त्वरित निर्णय, तकनीकी निगरानी और कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा का परिणाम रहा कि भारी रेल यातायात के बीच भी ट्रेनों की गति एवं समयबद्धता प्रभावित नहीं हुई।

    तीन अगस्त को मंडल ने 665 ट्रेनों का सफल संचालन किया। इनमें 150 मेल एवं एक्सप्रेस, 93 यात्री तथा 422 मालगाड़ियां शामिल रहीं। यात्री सेवाओं में 67 मेमू, 14 पैसेंजर और 12 ट्रेन ऑन डिमांड संचालित हुईं। माल परिवहन के दौरान 203 रेक मेकओवर तथा 219 टेकओवर की प्रक्रिया पूरी की गई।

    खबरें और भी

    वहीं प्रीमियम सेवाओं में 12 वंदे भारत, 11 राजधानी, चार अमृत भारत, दो गरीब रथ और दो दुरंतो एक्सप्रेस भी निर्धारित समय पर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुईं। आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडल का परिचालन लगातार विस्तार पा रहा है। 26 जुलाई को 652 ट्रेनों का संचालन हुआ था, जो एक अगस्त को बढ़कर 662 पहुंच गया। तीन अगस्त को यह आंकड़ा 665 तक पहुंचने के बावजूद मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन बरकरार रहा।

    यह उपलब्धि दर्शाती है कि मंडल बढ़ते रेल ट्रैफिक के साथ परिचालन गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता के मानकों पर भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। आधुनिक तकनीक, रियल टाइम मॉनिटरिंग, प्रभावी कंट्रोल सिस्टम और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से परिचालन व्यवस्था लगातार मजबूत हुई है। इसी का परिणाम है कि बढ़ते दबाव के बावजूद यात्रियों को समयबद्ध रेल सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

    दस दिनों में तीसरी बार मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन पूरी टीम की प्रतिबद्धता, अनुशासन और समन्वित कार्यशैली का परिणाम है। सुरक्षित, समयबद्ध और विश्वसनीय रेल सेवा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखते हुए यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।

    -

    उदय सिंह मीना, मंडल रेल प्रबंधक, डीडीयू रेल मंडल