स्वतंत्रता दिवस पर डीडीयू मंडल में अलर्ट, जंक्शन की ड्रोन से हो रही निगरानी
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर डीडीयू रेल मंडल में अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पीडीडीयू जंक्शन पर विशेष चेकिंग अभियान के साथ यार्ड की निगरानी ड्रोन से की जा रही है और होटलों की भी जांच हो रही है।

स्वतंत्रता दिवस पर डीडीयू मंडल में अलर्ट।
HighLights
स्वतंत्रता दिवस के लिए डीडीयू रेल मंडल में सुरक्षा अलर्ट।
पीडीडीयू जंक्शन पर ड्रोन से यार्ड की निगरानी जारी।
यात्रियों, सामान और होटलों की सघन चेकिंग अभियान।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। स्वतंत्रता दिवस को लेकर डीडीयू रेल मंडल में शुक्रवार शाम अलर्ट कर दिया गया। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर पीडीडीयू जंक्शन समेत संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
आरपीएफ व जीआरपी के जवानों ने प्लेटफॉर्मों पर गश्त बढ़ाने के साथ यात्रियों और उनके सामान की जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ लावारिस वस्तुओं पर भी नजर रखी जा रही है।
आरपीएफ कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिता कुमारी को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। जंक्शन के यार्ड में निगरानी के लिए ड्रोन लगाया गया है। ड्रोन से यार्ड में खड़ी ट्रेनों, सुनसान स्थानों व संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
जवानों को संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में फोर्स ने स्टेशन परिसर में गश्त बढ़ा दी। प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार और यात्रियों की भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ट्रेनों के आने-जाने के दौरान भी सुरक्षा कर्मी सतर्क हैं। संदिग्ध यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के साथ उनसे पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा कर्मियों को स्टेशन परिसर में लावारिस बैग, पैकेट अथवा अन्य वस्तु मिलने पर तत्काल अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस तक किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई है।
मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह की देखरेख में होटल, गेस्टहाउस व सार्वजनिक स्थानों की जांच की गई।होटल-गेस्टहाउस में ठहरे लोगों का विवरण जांचने के साथ कमरों व परिसर की भी तलाशी ली गई। संचालकों को संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

