चंदौली में महिला और युवती ने बैंक के बाहर बुजुर्ग के झोले से ब्लेड मारकर उड़ाए 50 हजार रुपये
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में यूनियन बैंक के बाहर एक बुजुर्ग के झोले से ब्लेड मारकर 50 हजार रुपये चुरा लिए गए। 48 घंटे में यह दूसरी घटना है, जिससे बै ...और पढ़ें

चंदौली में बैंक के बाहर ब्लेड मारकर बुजुर्ग के झोले से उड़ाए 50 हजार रुपये।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के बैंक अब उचक्कों के निशाने पर हैं। महज 48 घंटे के भीतर बैंक परिसरों के बाहर दूसरी वारदात सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पहले एसबीआई शाखा के बाहर ग्राहक का रुपयों से भरा बैग उड़ाने का प्रयास हुआ, वहीं सोमवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर बुजुर्ग के झोले पर ब्लेड मारकर 50 हजार रुपये पार कर दिए गए। लगातार हुई घटनाओं से बैंक ग्राहकों में दहशत है, जबकि पुलिस सक्रिय उचक्का गिरोह की तलाश में जुट गई है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदाईत गांव निवासी प्रेमशंकर पांडेय अपने पुत्र कृष्णानंद पांडेय के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की नई बस्ती स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर बाहर निकले थे। पुत्र किसी कार्य से आगे निकल गया, जबकि बुजुर्ग रुपये झोले में रखकर बैंक गेट से बाहर आ रहे थे। इसी दौरान पहले एक महिला ने उन्हें बातचीत में उलझाया।
कुछ ही क्षण बाद दूसरी युवती ने झोले पर ब्लेड मारकर रुपये निकाल लिए। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद झोला देखने पर नकदी गायब मिली तो उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज दिखाने का अनुरोध किया। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक के कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला और युवती की संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है।
खबरें और भी
पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान शुरू कर दी है। इससे एक दिन पहले नई बस्ती स्थित एसबीआई शाखा के बाहर भी एक ग्राहक का रुपयों से भरा बैग लेकर उचक्का भाग निकला था। हालांकि पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और बैग बरामद करा दिया था। लगातार दूसरी घटना ने यह संकेत दे दिया है कि बैंक परिसरों के बाहर उचक्कों का संगठित गिरोह सक्रिय है।
लगातार हो रही घटनाओं के बाद बैंक आने वाले ग्राहकों से पुलिस ने सतर्क रहने, बड़ी रकम निकालने के बाद अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने तथा संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। वहीं मुगलसराय कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।