पीडीडीयू रेल मंडल ने बनाया कीर्तिमान, एक ही दिन में 155 मेल-एक्सप्रेस गाड़ियां तय समय पर चलीं और पहुंचीं
पीडीडीयू रेल मंडल ने 1 अगस्त को 155 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन सुनिश्चित कर भारतीय रेल में नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि श्र ...और पढ़ें

पीडीडीयू रेल मंडल ने बनाया कीर्तिमान 155 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें समय पर।
HighLights
पीडीडीयू मंडल ने 155 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन किया।
श्रावण माह की भीड़ और भारी यातायात के बावजूद यह उपलब्धि।
विभिन्न विभागों के समन्वय से परिचालन प्रबंधन में नई मिसाल।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। देशभर में बढ़ते रेल यातायात, श्रावण माह की अतिरिक्त भीड़ और लगातार व्यस्त परिचालन के बीच ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाना भारतीय रेल के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। ऐसे माहौल में पूर्व मध्य रेलवे का पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल समय की पटरी पर सफलता का नया इतिहास लिखने में कामयाब रहा।
जिसने पूरे रेलवे तंत्र का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एक अगस्त यानी शनिवार को मंडल से संचालित सभी 155 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलीं और गंतव्य तक पहुंचीं। इसके साथ ही मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालन का गौरव हासिल करते हुए भारतीय रेल में परिचालन प्रबंधन की नई मिसाल कायम कर दी। किसी भी ट्रेन का समयपालन केवल एक रेल मंडल के प्रयासों पर निर्भर नहीं करता।

जिस-जिस रेल मंडल से ट्रेन गुजरती है, वहां भी समान सतर्कता, सटीक योजना और बेहतर समन्वय आवश्यक होता है। ऐसे में विभिन्न रेल मंडलों के सामूहिक प्रयासों के बीच डीडीयू मंडल की परिचालन टीम ने नियंत्रण कार्यालय, सिग्नल व दूरसंचार, इंजीनियरिंग, विद्युत, यांत्रिक, वाणिज्य तथा सुरक्षा विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर यह उपलब्धि हासिल की।
श्रावण मास के दौरान बढ़े यात्री दबाव, भारी रेल यातायात और मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद पूरे दिन प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी गई। परिणामस्वरूप कहीं भी अनावश्यक विलंब की स्थिति नहीं बनी और सभी मेल-एक्सप्रेस गाड़ियां निर्धारित समय पर संचालित हुईं। एक अगस्त को मंडल से कुल 662 ट्रेनों का सफल संचालन किया गया।
खबरें और भी
इनमें 155 मेल-एक्सप्रेस, 90 यात्री ट्रेनें तथा 417 मालगाड़ियां शामिल रहीं। यात्री सेवाओं के साथ माल परिवहन भी पूरी तरह सुचारु रहा। इस दौरान 208 मालगाड़ियों का टेकओवर, 209 का मेकओवर तथा 29 लंबी दूरी की इंटरचेंज मालगाड़ियों का संचालन किया गया। वहीं 12 लंबी दूरी की मालगाड़ियों का गठन भी सफलतापूर्वक किया गया।
व्यस्त परिचालन के बावजूद आधारभूत संरचना के अनुरक्षण से कोई समझौता नहीं किया गया। 150 घंटे के अनुरक्षण ब्लॉक की मांग के सापेक्ष 139 घंटे 40 मिनट का ब्लॉक उपलब्ध कराया गया, जो 93.18 प्रतिशत है। इससे ट्रैक, ओवरहेड उपकरण और अन्य रेल संरचनाओं का रखरखाव बिना परिचालन प्रभावित किए पूरा किया गया।
मंडल की मासिक समयपालन उपलब्धि भी शत-प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का औसत समयपालन 90.73 प्रतिशत तथा समग्र कोचिंग समयपालन 87.29 प्रतिशत रहा। अधिकारियों का मानना है कि यह उपलब्धि रेलकर्मियों की कार्यनिष्ठा, वैज्ञानिक योजना, बेहतर समन्वय और यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने की सतत प्रतिबद्धता का प्रतिफल है। यह सफलता भविष्य में भी उत्कृष्ट परिचालन बनाए रखने के लिए मंडल के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने वाली साबित होगी।

शत-प्रतिशत समयपालन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि यात्रियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी और पूरी टीम की कार्यनिष्ठा का प्रमाण है। इस सफलता के पीछे सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का समर्पण, बेहतर समन्वय तथा योजनाबद्ध कार्यशैली रही। हमारा लक्ष्य केवल ट्रेनों को समय पर चलाना नहीं, बल्कि सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवा उपलब्ध कराना भी है।
उदय सिंह मीना, मंडल रेल प्रबंधक, डीडीयू रेल मंडल