विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Chitrakoot Flood: तेज बहाव में पहले टूटी रेलिंग, फिर पानी में समा गया हनुमानधारा पुल; सामने आया खौफनाक VIDEO

Updated: Mon, 31 Aug 2026 05:40 PM (GMT+05:30)

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के रौद्र रूप ने 23 साल का बाढ़ का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिससे हनुमानधारा पुल तेज ...और पढ़ें

HighLights

  1. मंदाकिनी नदी में 23 साल का बाढ़ रिकॉर्ड टूटा

  2. हनुमानधारा पुल तेज बहाव में पूरी तरह बह गया

  3. रामघाट, मठ-मंदिरों में घुसा बाढ़ का पानी

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के रौद्र रूप ने 23 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। तेज उफान में हनुमानधारा का पुल भी न टिक सका। देखते ही रेलिंग को तोड़ने के बाद पुल कागज की तरह बहाव में बहता नजर आया। जब बाढ़ का प्रभाव कम हुआ तो 25 सेकेंड का तबाही का वीडियो सामने आया है।

मध्य प्रदेश के सीमावर्ती सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश और पहाड़ों से उतर रहे पानी ने शनिवार को तपोभूमि में जमकर तबाही मचाई थी। 23 साल पुराने बाढ़ के रिकार्ड को तोड़ते हुए मंदाकिनी नदी का जलस्तर वर्ष 2003 के 134.500 मीटर के हाई फ्लड लेवल को पार कर 135.200 मीटर पहुंच गया था। यह खतरे के निशान 126.500 मीटर से 8.70 मीटर ऊपर था।

बाढ़ का पानी रामघाट, मठ-मंदिरों और बस्तियों में घुस गया। दीनदयाल शोध संस्थान का आरोग्यधाम, नानाजी देशमुख का आवास रहा सियाराम कुटीर, जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य का तुलसीपीठ कांच मंदिर और पंजाबी भगवान का जानकीकुंड आश्रम भी बाढ़ की चपेट में आ गए थे। होटल और लाज में ठहरे सैलानियों को प्रशासन ने एसडीआरएफ की मदद से सुरक्षित निकाला गया।

कुछ ही देर में तबाही का मंजर बढ़ता गया। रामघाट क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो गया। लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। तेज बहाव में नयागांव हनुमानधारा मार्ग के पुल की रेलिंग टूट गई और निर्माणाधीन चार पहिया पार्किंग के सामने एक मकान की बाउंड्री भी भरभराकर गिर गई। बाढ़ के कारण झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग और चित्रकूट-सतना मार्ग पर आवागमन बंद कर दिया गया है।

कुछ ही देर में बहाव में बहता दिखा पुल

देवांगना से कामदगिरि को जोड़ने वाला 40 वर्ष पुराना हनुमानधारा पुल तेज बहाव में पूरा बह गया। मोहकमगढ़ पुल और झांसी-मीरजापुर हाईवे का कर्वी पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ। लोगों को करीब 10 किमी दूरी तय कर मोहकमगढ़ पुल से जाना पड़ रहा है। हनुमानधारा मार्ग का पुल बहने से यूपी-एमपी संपर्क प्रभावित हुआ है।

यह भी पढ़ें- Chitrakoot Flood: शरभंग, कालीबराह और अमरावती के उफान से तुलसी जल प्रपात क्षेत्र में मचाई तबाही, स्काई ग्लास ब्रिज सुरक्षित