विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अभी 11 KM भी नहीं बनी राम वनगमन सड़क, चित्रकूट में पांच जगहों पर पड़ीं दरारें; गुणवत्ता पर उठे सवाल

Updated: Wed, 26 Aug 2026 08:17 PM (IST)

चित्रकूट में राम वनगमन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पूरा होने से पहले ही गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। रम्मपुरिया के पास 50 मीटर हिस्से में पांच जगह लंबी दरारें पड़ गई हैं।

निर्माणाधीन रामवनगमन पथ में आई दरारों में भरा गया सफेद पाउडर व बगल में दिखती दरारें

निर्माणाधीन रामवनगमन पथ में आई दरारों में भरा गया सफेद पाउडर व बगल में दिखती दरारें

HighLights

  1. चित्रकूट में राम वनगमन मार्ग पर निर्माण से पहले दरारें।

  2. रम्मपुरिया के पास 50 मीटर हिस्से में पांच जगह क्षति।

  3. बारिश के कारण मरम्मत का प्रयास भी विफल रहा।

जागरण संवाददाता, चित्रकूट। अयोध्या से तपोभूमि चित्रकूट को जोड़ने वाले राम वनगमन राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण अभी पूरा होना तो दूर, जिले में सड़क का 11 किलोमीटर हिस्सा भी नहीं बन पाया है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

रम्मपुरिया के पास निर्माणाधीन सड़क के करीब 50 मीटर हिस्से में पांच जगह लंबी दरारें पड़ गई हैं। कहीं सड़क लंबाई में फट गई है तो कहीं धंस गई है। बारिश के बीच सड़क की यह स्थिति देखकर निर्माण की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दरारों को भरने के लिए कार्यदायी संस्था ने तीन दिन पहले मजदूर लगाकर मरम्मत कराई थी, लेकिन बारिश के कारण यह प्रयास भी टिक नहीं सका। स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर पत्थर रखकर बैरियर लगा दिया गया है, ताकि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सके।

जल्द दुरुस्त कराया जाएगा

हालांकि इससे पहले राजापुर-कमासिन की ओर से छोटे-बड़े वाहनों के साथ ओवरलोड वाहन भी निर्माणाधीन सड़क से गुजर रहे थे। राम वनगमन मार्ग अयोध्या से चित्रकूट तक करीब 210 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है। परियोजना पर करीब 4,550 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।

जिले में करीब 38 किलोमीटर हिस्से का निर्माण प्रस्तावित है और फिलहाल राजापुर की ओर काम चल रहा है। ऐसे में शुरुआती चरण में ही सड़क में दरार आने से निर्माण की गुणवत्ता और भविष्य में सड़क की टिकाऊपन को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। परियोजना प्रबंधक प्रमोद कुमार का कहना है कि बारिश के कारण कार्यस्थल के पास मिट्टी धंसने से समस्या आई है। सड़क में निर्माण संबंधी कोई कमी होगी तो उसे दुरुस्त कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 'भूमिहीन बटाईदार किसान भी मुआवजे का पात्र', इलाहाबाद HC का महत्वपूर्ण आदेश; चित्रकूट की याची को राहत दी