Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चित्रकूट में सीएम योगी आदित्यनाथ का प्रवास, दो दिन शहर में नहीं आ सकेंगे भारी वाहन, जानिए रूट डायवर्जन

    Updated: Tue, 07 Jul 2026 05:21 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्रकूट प्रवास के कारण कर्वी नगर में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बुधवार सुबह से गुरुवार मध्यरात्रि तक ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सीएम योगी के दो दिवसीय चित्रकूट प्रवास के कारण यातायात बदला

    2. कर्वी नगर में भारी वाहनों का प्रवेश दो दिन प्रतिबंधित रहेगा

    3. सुरक्षा के लिए संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी

    जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय तपोभूमि प्रवास को लेकर पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री की जनसभा, विकास कार्यों की समीक्षा, रामघाट भ्रमण और रात्रि विश्राम कार्यक्रम को देखते हुए कर्वी नगर में दो दिनों तक भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। यह प्रतिबंध बुधवार की सुबह 5:30 बजे से गुरुवार की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगा।

    केवल आपातकालीन सेवाओं और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को ही इस अवधि में छूट मिलेगी। पुलिस का कहना है कि यह व्यवस्था वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में जाम से बचाव और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू की गई है।

    पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नो-एंट्री बैरियर लगाए जाएंगे। सुबह 5:30 बजे से पहले नगर सीमा में प्रवेश कर चुके भारी वाहन हर हाल में सुबह छह बजे तक नो-एंट्री क्षेत्र से बाहर निकलेंगे।

    मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी कर्वी नगर में भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण जारी रहेगा। 10 जुलाई से अगले 30 दिनों तक या नए आदेश जारी होने तक शहर के पांच प्रमुख मार्गों पर तय समय के अनुसार भारी और मध्यम मालवाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

    खबरें और भी

    पुलिस ने वाहन चालकों और व्यापारियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है। एसपी ने बताया कि दो दिन बांदा की ओर से आने वाले भारी वाहन राजापुर-कमासिन होकर प्रयागराज जाएंगें और इसी मार्ग से वापस होगें। प्रयागराज, कौशांबी व फतेहपुर से आने वाले वाहन सतना की ओर बोड़ी पोखरी से सरैयां मानिकपुर होकर जाएंगे। इसी रूट से वापस आएंगे।

    एसपी के अनुसार वैवाहिक कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन, शोभायात्रा या अन्य विशेष परिस्थितियों में नो-एंट्री के समय में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है, जिसकी सूचना संबंधित बैरियर पर उपलब्ध रहेगी।

    कहां-कहां रहेगी नो-एंट्री

    • लोढ़वारा मोड़ (राजापुर रोड)
    • रेहुटिया (खोह रेलवे क्रासिंग से पहले, प्रयागराज रोड)
    • खोह (रिजर्व पुलिस लाइन तिराहा, मानिकपुर रोड)
    • शेषनपुरवा मोड़ (कलेक्ट्रेट के पास सोनेपुर, सतना रोड)
    • बेड़ी पुलिया (मत्स्यगजेंद्रनाथ धर्मकांटा, बांदा रोड)

    ड्रोन कैमरों से रखी जा रही शहर पर नजर

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए कोतवाली कर्वी क्षेत्र के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। सीआईसी परिसर, पटेल तिराहा, बस स्टैंड, धनुष चौराहा, काली देवी चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों की हवाई निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ड्रोन से मिल रहे लाइव फुटेज के आधार पर हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी चूक पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

    यह भी पढ़ें- चित्रकूट में राम मंदिर दान चोरी मामले में संपत राय पर लगे आरोपों पर संतों ने जताई नाराजगी, बोले- बिना जांच दोषी ठहराना गलत