चित्रकूट गैंगरेप केस: प्रेमी को बंधक बनाकर युवती से रेप करने वाले एक युवक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, लगी गोली
चित्रकूट में देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक आरोपित जितेंद्र उर्फ भोले को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया ...और पढ़ें

आरोपित विवेक, प्रवीण और जितेंद्र। मुठभेड़ के बाद जितेंद्र को लेकर जाती पुलिस टीम। सौजन्य: पुलिस
HighLights
देवांगना घाटी सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस को सफलता मिली।
एक आरोपित जितेंद्र उर्फ भोले मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ।
मुठभेड़ में आरोपित और सिपाही राघवेंद्र घायल हुए।
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। चित्रकूट में हैवानियत का एक आरोपित पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। मड़फा जंगल के पास पुलिस और सामूहिक दुष्कर्म में शामिल एक आरोपित के बीच मुठभेड़ हुई। आरोपित की ओर से की गई फायरिंग में सिपाही को गोली लगी। वहीं जवाबी फायरिंग में आरोपित भी घायल हो गया। बाद में उसे पकड़ा लिया गया।
देवांगना घाटी में प्रेमी को बंधक बनाकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में शनिवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल के पास पुलिस और कल्ला निवासी आरोपित जीतेंद्र ऊर्फ भोले के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपित ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में आरोपित के घुटने के पास गोली लगी। इस दौरान सिपाही राघवेंद्र के बांह में गोली लगी है।
घायल आरोपित और सिपाही को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि देवांगना घाटी में युवती अपने नाबालिग साथी के साथ घूमने गई थी। आरोप है कि तीन युवकों ने किशोर को बंधक बनाकर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना के बाद से ही पुलिस साइबर सेल, सर्विलांस और एसओजी की मदद से आरोपितों की तलाश में जुटी थी।

मुठभेड़ में घायल सिपाही। जागरण
प्रेमी के साथ देवांगना घाटी घूमने गई थी छात्रा
22 जुलाई की शाम बहिलपुरवा थाना क्षेत्र स्थित देवांगना घाटी हवाई पट्टी की तरफ बाइक से प्रेमी-प्रेमिका घूमने पहुंचे थे। शाम लगभग साढ़े पांच बजे घाटी के ही एक स्थान पर बाइक खड़ी कर दोनों पत्थरों पर बैठे थे। इसी बीच बाइक से तीन अज्ञात युवक आए और उनसे पूछताछ करने लगे।
खबरें और भी
युवकों ने प्रेमी को पकड़ा, फिर युवती से किया गैंगरेप
युवती का आरोप था कि एक युवक ने प्रेमी को पकड़ लिया और दो युवक उसको डरा-धमका कर सड़क किनारे जंगल में ले गए थे। दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को भी न बताने की धमकी देकर भाग निकले।
डायल 112 पर दी थी सूचना
इसके बाद उन्होंने यूपी 112 को सूचना दी। पुलिस दोनों को लेकर बहिलपुरवा थाने पहुंची। थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया था कि प्रेमिका बालिग और प्रेमी नाबालिग है।
घटना स्थल का निरीक्षण करने जाते एडीजी ज्योति नारायण। जागरण
प्रेमी का भी कराया गया मेडिकल, गंभीर चोट नहीं
प्रेमी जोड़े में युवती का मेडिकल व बयान गुरुवार को कराया गया। शुक्रवार को नाबालिग प्रेमी का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके शरीर में कहीं गहरी चोट नहीं मिली है। चेहरे व गर्दन में हल्की खरोंच के निशान हैं। उधर, युवती का मेडिकल परीक्षण भी हुआ है। उसके शरीर में कहीं गहरी चोट या खरोंच के निशान नहीं मिलने की बात कही गई है।
प्रयागराज जोन के एडीजी ने की थी समीक्षा
घटना के बाद प्रयागराज जोन के एडीजी ज्योति नारायण और चित्रकूट धाम मंडल के डीआइजी राजेश एस ने मौके पर पहुंचकर जांच की समीक्षा की और पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह को शीघ्र राजफाश के निर्देश दिए। एसपी ने स्वयं पूरे आपरेशन की निगरानी करते हुए एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की पांच टीमें गठित कीं। जांच के दौरान पुलिस ने पाठा क्षेत्र, हनुमानधारा, कामदगिरि, रामघाट, सीतापुर, भरतकूप और शिवरामपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी।
कैमरा में कैद बाइक सवार युवक। पुलिस
374 कैमरे, 6000 काल और 58 संदिग्ध... तब जाकर मिला सामूहिक दुष्कर्म का पहला आरोपित
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती तीनों अज्ञात आरोपितों की पहचान करना थी। न कोई नाम था, न स्पष्ट पहचान। ऐसे में पांच पुलिस टीमों ने लगातार 72 घंटे तक दिन-रात अभियान चलाया। 18 स्थानों पर लगे 374 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, छह हजार मोबाइल काल का विश्लेषण किया गया और 58 संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आखिरकार पहले आरोपित तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित जितेंद्र उर्फ भोले पटेल को बाइक और तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार हैं।
18 स्थानों के सीसीटीवी खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों से खुली गुत्थी
घटना स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों के 18 स्थानों से 374 सीसीटीवी फुटेज जुटाए गए। फुटेज से मिले संदिग्ध चेहरों के आधार पर लोगों से पहचान कराई गई और 58 संदिग्धों से पूछताछ की गई। समानांतर रूप से छह हजार मोबाइल फोन काल और लोकेशन का विश्लेषण किया गया। कई बार आरोपितों ने मोबाइल फोन बंद कर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और लगातार फील्ड वर्क से जांच टीम उनकी गतिविधियों तक पहुंच गई।
यहां मिली थी लोकेशन
शनिवार को मडफा पहाड़ के हुडा जंगल के पास आरोपितों की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान जितेंद्र उर्फ भोले पटेल पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसके साथी प्रवीण पटेल और विवेक पटेल जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों फरार आरोपितों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्टाग्राम के जरिए प्रेमी से बढ़ी नजदीकियां
पुलिस के अनुसार सीमा से सटे मध्यप्रदेश जिला सतना के नयागांव क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ बाइक से देवांगना घाटी घूमने आई थी। प्रेमी जोड़े में युवती अपने पिता के साथ राजस्थान में रहती है। यहां पर उसका पुश्तैनी घर है और चाचा आदि रहते हैं। वह इंटर में पढ़ रही है। शुक्रवार को नाबालिग प्रेमी ने बताया कि प्रेमिका ने बताया है कि वह एक साल इंटर में फेल हो चुकी है ऐसे में नीट की कोचिंग करने की बात गलत है। एक सप्ताह पूर्व ही वह चित्रकूट आई थी। इसी बीच इंस्टाग्राम में नाबालिग प्रेमी से संपर्क बढ़ा। रामघाट पर भी दोनों कई बार मिले।
सीतापुर में खरीदी बीयर, मेडिकल स्टोर से कुछ अन्य सामग्री
युवती प्रेमी से मिलने के लिए उसके होटल तक आई है। दोनों एक सप्ताह में ही काफी नजदीक आ गए थे। घूमने के इरादे से ही वह दोनों बाइक से निकले थे। जानकीकुंड के एक मेडिकल स्टोर से कुछ सामग्री खरीदी थी। इसके बाद बेड़ी पुलिया के पास दो बीयर की केन ली थी। एक का सेवन कर चुके थे और दूसरी की तैयारी कर रहे थे तभी यह घटना हुई। बहिलपुरवा थाना प्रभारी विवेक सिंह ने भी पुष्टि की है कि बीयर की केन और कुछ अन्य सामग्री बरामद हुई है।
दुष्कर्म की घटनाओं पर महिला आयोग सख्त, थानों से मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने शनिवार को जिले के दौरे के दौरान हाल में हुई देवांगना घाटी और मानिकपुर क्षेत्र की दुष्कर्म घटनाओं पर कड़ी नाराजगी जताई। विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक एवं जनसुनवाई के दौरान उन्होंने दोनों मामलों में अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट बहिलपुरवा और मानिकपुर थानों से तलब की। साथ ही वन विभाग को निर्देश दिए कि घटना वाले जंगल क्षेत्रों में सावधानी बरतने संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और उस समय ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पर्यटक स्थलों के आसपास शराब और गुटखा की दुकानों पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए।