जनगणना-2027 की तैयारी तेज, देवरिया ITI परिसर में शुरू हुई ट्रेनिंग; 6 मई तक चार चरणों में चलेगा कार्यक्रम
जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। देवरिया आईटीआई परिसर में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है, जो 6 मई तक चलेगा। ...और पढ़ें

देवरिया ITI परिसर में शुरू हुई जनगणना-2027 की ट्रेनिंग।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सलेमपुर। जनगणना-2027 की तैयारियां अब रफ्तार पकड़ चुकी हैं। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं आवासीय गणना के लिए प्रगणकों और सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण सोमवार से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बरसीपार परिसर में शुरू हो गया। तीन दिवसीय यह पहला चरण 20 से 22 अप्रैल तक चलेगा, जबकि पूरा प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 मई तक चार चरणों में आयोजित किया जाएगा।
जिला जनगणना अधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में चल रहे इस प्रशिक्षण में तहसील स्तर के कुल 319 प्रगणक और सुपरवाइजर भाग ले रहे हैं। फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण, गणना प्रक्रिया और डेटा संकलन के व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
अपर जिलाधिकारी रामशंकर ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रियाओं में शामिल है, जिसके आधार पर सरकारी नीतियां और विकास योजनाएं तैयार की जाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और कार्य को पूरी पारदर्शिता व सटीकता के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी श्रीश मिश्रा ने बताया कि प्रशिक्षण को पूरी तरह व्यवहारिक बनाया गया है, ताकि फील्ड में किसी प्रकार की कठिनाई न आए। फील्ड ट्रेनर डॉ. गोविंद मिश्रा, अरविंद कश्यप और शिशिर राय ने बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से पूरी की जाएगी, जिससे कार्य में तेजी और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित होंगी। प्रशिक्षण में मोबाइल ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग की भी विशेष जानकारी दी जा रही है।
खबरें और भी
अधिकारियों के अनुसार, 7 मई से 21 मई तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना दर्ज कर सकेंगे, जबकि 22 मई से 20 जून तक जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल मोड में कराया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र में संदीप तिवारी, कन्हैया, सर्वेश यादव, रमेश तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।