देवरिया में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
देवरिया में पुलिस मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी बदमाश अजहर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। गोवध मामले में वांछित बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे इल ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में लगी गोली।
गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित था आरोपी।
जागरण संवाददाता, भाटपाररानी/लार, (देवरिया)। गोवध के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गुरुवार देर रात लार और भाटपाररानी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भाटपाररानी पुलिस चनुकी मोड़ पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक से पहुंचे संदिग्ध युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वह पुलिस को चकमा देकर बाइक से भाग निकला। इसकी सूचना लार पुलिस को दी गई। इसके बाद लार पुलिस ने खरवनिया मोड़ के पास घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को सामने देखकर आरोपित ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

पूछताछ में आरोपित की पहचान अजहर अंसारी पुत्र अहमद अंसारी, निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, वह भाटपाररानी थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित था। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- देवरिया में स्कूल न जाकर पिज्जा की दुकान पर पहुंचे छात्र, खोजने के लिए दौड़ती रही पुलिस
पुलिस ने लार थाने में आरोपित के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।