देवरिया में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर पथराव, तनाव बढ़ने पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
देवरिया में नवीन परती की भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने से तनाव बढ़ गया है। प्रशासन की अनुमति के बिना स्थापित प्रतिमा को हटाने से रोकने क ...और पढ़ें
HighLights
नवीन परती भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित।
प्रतिमा हटाने से रोकने को महिलाएं डटी रहीं।
तनाव बढ़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।
संवाद सूत्र, गौरीबाजार। लबकनी गांव में नवीन परती की भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने का विवाद गुरुवार को उग्र हो गया। प्रतिमा हटाने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे गांव में तनाव फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया।
गांव में आंगनबाड़ी केंद्र के समीप मंगलवार रात कुछ लोगों ने नवीन परती की भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी थी। बुधवार सुबह मामले की जानकारी प्रशासन को हुई तो अधिकारियों में हलचल मच गई।
डीएम मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर रुद्रपुर के एसडीएम राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम गांव पहुंची तथा मौके की स्थिति का जायजा लिया।
प्रतिमा हटाए जाने की आशंका में बुधवार देर रात तक महिलाएं स्थल पर डटी रहीं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और गांव में निगरानी बढ़ा दी। इसके बावजूद गुरुवार को प्रतिमा हटाने को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद पथराव होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
-1785412009171.jpg)
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। गांव में किसी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
गौरीबाजार थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मऊ: कार्यों में गुणवत्ता न मिलने पर ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्टेड, जब्त होगी धनराशि