Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए नहीं मिल रहे पात्र, अब तक देवरिया में सिर्फ 174 आवेदन

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 03:44 PM (IST)

    देवरिया में मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 385 आवासों का लक्ष्य मिला है, लेकिन पात्रों की कमी के कारण अब तक केवल 174 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं ...और पढ़ें

    मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए नहीं मिल रहे पात्र।

    मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए नहीं मिल रहे पात्र।

    HighLights

    1. देवरिया को मुख्यमंत्री आवास योजना में 385 आवासों का लक्ष्य।

    2. अब तक केवल 174 आवेदन मिले, 211 पात्रों की कमी।

    3. प्रत्येक आवास के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता।

    जागरण संवाददाता, देवरिया। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जिले को वर्ष 2026-27 में 385 आवासों का लक्ष्य मिला है, लेकिन पात्रों की कमी के कारण लक्ष्य पूरा होने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।

    अब तक महज 174 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं, जबकि 211 और पात्रों के पंजीकरण की जरूरत है। इनमें भी सिर्फ 52 आवेदनों का जियो टैगिंग कार्य पूरा हो सका है। विभाग का कहना है कि सत्यापन के बाद ही पात्रों का अंतिम चयन किया जाएगा। प्रत्येक आवास के लिए 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

    ब्लाकवार स्थिति पर नजर डालें तो बैतालपुर में 25 के सापेक्ष आठ, बनकटा में 20 के सापेक्ष 20, बरहज में 15 के सापेक्ष 17, भागलपुर में 15 के सापेक्ष 11, भलुअनी में 40 के सापेक्ष 23, भटनी में 25 के सापेक्ष 13, भाटपाररानी में 30 के सापेक्ष पांच, देवरिया सदर में 20 के सापेक्ष छह, देसही देवरिया में 15 के सापेक्ष एक, गौरीबाजार में 35 के सापेक्ष 12, लार में 25 के सापेक्ष 15, पथरदेवा में 30 के सापेक्ष 12 आवेदन आए हैं।

    यह भी पढ़ें- बहराइच में अब डिजिटल ज्ञान का केंद्र बना जिला पुस्तकालय, विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष सुविधा

    रामपुर कारखाना में 15 के सापेक्ष एक भी आवेदन नहीं मिला है। इसी तरह सलेमपुर में 20 के सापेक्ष दो तथा तरकुलवा में 15 के सापेक्ष केवल एक आवेदन प्राप्त हुआ है। योजना के तहत आवासविहीन या कच्चे मकान में रहने वाले परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    इसके अलावा दिव्यांगजन, 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की निराश्रित विधवा महिलाएं, अनुसूचित जनजाति, दैवीय आपदा से प्रभावित परिवार, मुसहर, नट व बांसफोर समुदाय के लोग, जेई-एईएस प्रभावित परिवार तथा एसिड अटैक पीड़ित भी योजना के पात्र हैं।

    मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की पात्रता रखने वाले व्यक्ति अपने विकास खंड कार्यालय में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पास आवेदन जमा कर उसकी पावती प्राप्त करें। प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। -अनिल कुमार, पीडी, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण।

    खबरें और भी