देवरिया में नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों को ठगा, सेलेक्शन होने की बात कहकर वसूले दस-दस हजार रुपये
देवरिया में ईसीसीई एजुकेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने छह से अधिक अभ्यर्थियों से 10-10 हजार रुपये ठग लिए हैं। बीएसए ने इस मामले की शिकायत सा ...और पढ़ें

नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों को ठगा। AI जेनरेटेड फोटो
HighLights
देवरिया में ईसीसीई एजुकेटर नौकरी का झांसा देकर ठगी।
जालसाजों ने अभ्यर्थियों से 10-10 हजार रुपये वसूले।
बीएसए ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, चेतावनी जारी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। ईसीसीई एजुकेटर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। जालसाज ने अभ्यर्थियों को मेल भेजकर व फोन कर उनके चयनित होने की बात बताते हुए 10 हजार रुपये जमा करने की बात कही है। जिसके चक्कर में फंस कर छह से अधिक अभ्यर्थी ठगी के शिकार भी हो गए हैं।
मामले में बीएसए ने इसकी शिकायत साइबर सेल की है। इसके साथ ही पत्र जारी कर अभ्यर्थियों को सावधान रहने व रुपये न जमा करने की बात कही है।
जिले में 170 ईसीसीई एजुकेटर पद पर चयन के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 209 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए चिन्हित किया गया था। जिसमें 177 अभ्यर्थियों ने 10 जुलाई को लिखित परीक्षा दी थी। जिसके लिए अभ्यर्थियों की सूची को विभाग की ओर से एनआइसी पोर्टल पर अपलोड किया गया था।
विभागीय लोगों की मानें अभ्यर्थियों की सूची किसी जालसाज के हाथ लग गई और जालसाज ने परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियाें को एक मेल भेजा। जिसमें जालसाज ने लिखा था कि आपको सूचित किया जा रहा है कि आपको देवरिया में (ईसीसीई एजुकेटर) पद पर चयनित कर दिया गया है।
अत: आप दिनांक नौ जुलाई 2026 को समय 10 से 11 बजे के बीच अपनी धरोहर धनराशि 10 हजार रुपये जमा करें। जिसके बाद आपको दिनांक 10 जुलाई 2026 को परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना है। वहीं जालसाज ने 100 रुपये का स्टाम्प पर शपथ पत्र, आधार कार्ड, फोटो भी लाने की बात कही थी।
खबरें और भी
इसके अलावा जालसाज ने रुपयों के लिए अभ्यर्थियों को फोन करने के साथ ही उनके मोबाइल पर क्यूआर कोड भी भेजा था। ऐसे में जालसाज के चक्कर में आकर करीब आधा दर्जन अभ्यर्थी जालसाज को रुपये भी भेज दिए। कुछ दिन बात जब अभ्यर्थियों को आशंका हुई तो वे बीएसए कार्यालय में संपर्क किए और पूरी बात बताई। जिसके बाद कार्यालय के कर्मचारियों के कान खड़े हो गए और कार्यालय में खलबली मच गई।
आनन-फानन में कर्मचारियों ने इसकी जानकारी बीएसए को दी, जिसके बाद बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने इसकी शिकायत साइबर सेल से करने के साथ ही इस प्रकार के भ्रामक व फर्जी मैसेज से अभ्यर्थियों को सावधान रहने की बात कही और किसी भी प्रकार की धनराशि जमा करने से मना किया।
एक जालसाज ने नौकरी दिलाने के नाम अभ्यर्थियों को मेल भेजकर व फोन कर रुपये की मांग की थी। जिसके चक्कर में आकर कुछ अभ्यर्थियों ने रुपये दे दिए हैं। इसकी जानकारी होने पर इसकी शिकायत साइबर सेल से की गई है और अभ्यर्थियों को सावधान रहने व किसी को भी रुपये न भेजने की अपील की गई है। अभ्यर्थियों का चयन पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है, किसी को भी कहीं कोई रुपये देने की जरूरत नहीं है। -डॉ. राम जियावन मौर्य, बीएसए, देवरिया।