देवरिया के खनुआ नाला पर नए पुल के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज, बाधा न आए, इसके लिए SDM को भेजा पत्र
देवरिया के कंचनपुर-बघौचघाट-पकहां मार्ग पर खनुआ नाला पर बन रहे नए पुल के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सेतु निगम ने उप जिलाधिकारी सदर ...और पढ़ें

किसानों की भूमि का मापन व मुआवजा निर्धारण कराने का अनुरोध। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
खनुआ नाला पुल के लिए भूमि अधिग्रहण तेज।
सेतु निगम ने एसडीएम सदर से मांगी जानकारी।
नए पुल से आवागमन होगा बेहतर, मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, देवरिया। कंचनपुर-बघौचघाट-पकहां मार्ग पर खनुआ नाला के ऊपर स्थित संकरे पुल के समानांतर बनाए जा रहे नए पुल के निर्माण कार्य को जल्द गति मिलेगी। इसके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सेतु निगम ने उप जिलाधिकारी सदर से प्रभावित किसानों की भूमि का मापन कर क्षेत्रफल व मुआवजा राशि का निर्धारण कराने का अनुरोध किया है।
कंचनपुर-बघौचघाट-पकहां मार्ग के किलोमीटर-15 पर स्थित खनुआ नाला पर नए पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पुल के बघौचघाट बाजार की ओर स्थित साइड पर पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए किसानों की भूमि अधिग्रहित की जानी है। प्रस्तावित पहुंच मार्ग संरेखण के मध्य से 16-16 मीटर चौड़ा व लगभग 100 मीटर लंबा होगा।
उप परियोजना प्रबंधक विजेंद्र सिंह ने सजरा प्लान के आधार पर सीमांकन व मापन कर प्रत्येक किसान की भूमि का क्षेत्रफल निर्धारित करने की मांग की है। साथ ही भूमि के बदले देय मुआवजा राशि का आकलन भी कराया जाए, ताकि अधिग्रहण की प्रक्रिया समय से पूरी हो सके।
यह भी पढ़ें- आय से अधिक संपत्ति मामले में गैंगस्टर की 2.10 करोड़ की संपत्ति होगी जब्त, कोर्ट ने राज्य सरकार के पक्ष में दिया आदेश
नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही लंबे समय से संकरे पुल के कारण होने वाली परेशानी से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में देरी होने पर पुल व पहुंच मार्ग के निर्माण कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए एसडीएम सदर को पत्र भेजकर भूमि अधिग्रहण किए जाने के लिए विवरण मांगा गया है।