देवरिया में सड़क पर सो रहे युवक को ट्रक ने रौंदा, मौके पर हुई मौत
देवरिया के लार कस्बे में शनिवार देर रात सड़क पर सो रहे एक युवक रमेश सोनकर को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को ...और पढ़ें
HighLights
लार कस्बे में सड़क पर सो रहे युवक को कुचला।
रमेश सोनकर की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से ट्रक की पहचान कर रही है।
संवाद सूत्र, लार। कस्बे के मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय के समीप शनिवार देर रात सड़क पर सो रहे एक युवक को अज्ञात ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल एक ट्रक को चालक समेत हिरासत में लेकर थाने ले गई।
हालांकि जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि उक्त ट्रक इस दुर्घटना में शामिल नहीं था। इसके बाद पुलिस ने वास्तविक वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान रमेश सोनकर 48 पुत्र नरेश सोनकर, निवासी मदरहा, थाना गोला, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने रिश्तेदारों के यहां लार कस्बे के वैश्य करणी वार्ड में आया था। देर रात वह नगर पंचायत कार्यालय के समीप सड़क किनारे सो रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान के लिए सीसी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही वाहन और उसके चालक को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।