देवरिया में चोरी की घटनाओं का खुलासा, पांच गिरफ्तार; बैटरी-इन्वर्टर और जेवर बरामद
देवरिया में पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया है। एक नाबालिग सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

चोरी करने वाले पांच आरोपित गिरफ्तार।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पथरदेवा। तरकुलवा पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक सहित कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की पांच बैटरियां, एक इनवर्टर, एक इलेक्ट्रिक टुल्लू मोटर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप, चोरी के उपकरण तथा चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी व थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल शाह, प्रेमकुमार, उपेंद्र उर्फ गुच्चू, रोहित तथा एक नाबालिग शामिल है। सभी को 22 मार्च की रात मलघोल विरैचा गांव के बाहर बाग से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने के बहाने गांवों में घूमकर सुनसान घरों और स्कूलों की पहचान करते थे। रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और सामान बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।
ज्ञात हो कि 7 फरवरी की रात सिधावे निवासी रिंकू देवी के घर तथा 14 मार्च की रात पिपरा बघरा महुआरी स्थित नेशनल कॉन्वेंट चिल्ड्रेन स्कूल में चोरी की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।
अभियुक्तों ने पूछताछ में यह भी स्वीकार किया कि चोरी के सोने के आभूषण व टीवी उन्होंने बरियारपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को 90 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।