देवरिया में बरामद हुई 518 लीटर अंग्रेजी शराब, बिहार ले जाते समय तस्कर गिरफ्तार
देवरिया पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही 518.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी, एक तस्कर गिरफ्तार। पिकअप वाहन से बरामद शराब को धान की भूसी के नी ...और पढ़ें

देवरिया में बरामद हुई 518.4 लीटर अंग्रेजी शराब।
HighLights
देवरिया में 518.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त।
बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी शराब।
एक तस्कर गिरफ्तार, पिकअप वाहन भी सीज।
जागरण संवाददाता, देवरिया। बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने बुधवार को पकड़ लिया। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 518.4 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वाहन को सीज कर आरोपित के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
मुखबिर से सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अभिषेक राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फूलवरिया-चनुकी मार्ग पर करमा बाबा स्थान के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपित की पहचान प्रमोद सिंह निवासी ग्राम गौतना, थाना पनियरा, जिला महाराजगंज के रूप में हुई। पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें 180 मिलीलीटर वाली अंग्रेजी शराब की 60 पेटियां बरामद हुईं।
बरामद शराब की कुल मात्रा 518.4 लीटर है। वाहन से चार बोरी चोकर (धान की भूसी) भी मिली, जिसके बीच शराब की पेटियां छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थीं।
पुलिस जांच में वाहन का पंजीकरण नंबर यूपी-52-टी-3218 मिला, जबकि पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने शराब और वाहन को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है।
थानाध्यक्ष अभिषेक राय ने बताया कि बिहार की ओर होने वाली अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। बरामद शराब को सील कर आरोपित को न्यायालय भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बस्ती में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से हुई थी युवक की मौत, पीड़ित परिवार को मिला 5 लाख रुपये मुआवजा