देवरिया में गर्भवती गुड़िया की हत्या का आरोपित सुपारी किलर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
देवरिया में गर्भवती गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सुपारी किलर राम अशीष यादव को मुठभेड़ के ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
गर्भवती गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या का आरोपित गिरफ्तार।
सुपारी किलर राम अशीष यादव मुठभेड़ में घायल हुआ।
हत्या की साजिश में परिजन और सत्यप्रकाश शामिल थे।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर, देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुद्रपुर परिसर स्थित कर्मचारी आवास में 25 अक्टूबर 2026 को गर्भवती गुड़िया विश्वकर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित सुपारी किलर राम अशीष यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है।
मंगलवार को रुद्रपुर-असवनपार मार्ग पर अवस्थी चौराहे के पास हुई यह मुठभेड़ हुई। घायल आरोपित को सीएचसी रुद्रपुर में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। बाइक पर सवार उसका साथी नरेश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गिर गई और दोनों भागने लगे। ग्राम सिहोरचक के पास पीछे बैठे आरोपित ने पेड़ की आड़ लेकर पुलिस टीम को गोली मारने की धमकी दी।
पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से असलहा भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के छपरा गांव निवासी रामआशीष यादव पुत्र स्वर्गीय रमाकांत यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में गिरफ्तार रामआशीष ने पूछताछ में बताया कि एक दिन पहले गिरफ्तार सत्यप्रकाश यादव और मृतका के परिजनों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई गई थी। सत्यप्रकाश के माध्यम से उसे तीन लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें से ढाई लाख रुपये पहले ही मिल चुके थे। इसके बाद वह सत्यप्रकाश और अपने साथी नरेश के साथ सीएचसी रुद्रपुर पहुंचा था।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में प्लेटफार्मों पर लग रहे कालम ने जगाई 'एफओबी' के जल्द निर्माण की उम्मीद, यात्रियों को मिलेगी राहत
गिरफ्तार सुपारी किलर ने पुलिस को बताया कि हत्या की साजिश में शामिल सत्यप्रकाश और मृतका के परिजन आसपास रेकी कर रहे थे, जबकि उसने और नरेश ने कर्मचारी आवास में गुड़िया का रस्सी से गला कसकर और हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार अब तक इस मामले में अब तक लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।