Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    देवरिया में पथराव मामले को लेकर बड़ी कार्रवाई, दारोगा-लेखपाल और सचिव समेत पांच सस्पेंड

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 09:05 PM (GMT+05:30)

    देवरिया के लवकनी गांव में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर हुए पथराव के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एक दारोगा, दो सिपाही, लेखपाल और ग्राम पंचायत अ ...और पढ़ें

    पथराव व बवाल के बाद दारोगा, लेखपाल, सचिव समेत पांच निलंबित।

    पथराव व बवाल के बाद दारोगा, लेखपाल, सचिव समेत पांच निलंबित।

    HighLights

    1. देवरिया में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर पथराव।

    2. एक दारोगा, दो सिपाही, लेखपाल, सचिव निलंबित।

    3. ग्राम प्रधान को खलिहान भूमि कब्जे पर नोटिस।

    जागरण संवाददाता, देवरिया। खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रखने के बाद पथराव व बवाल के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीएम व एसपी ने कर्मचारियों को दोषी मानते हुए कार्रवाई शुरू की है। जिसमें प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दारोगा, दो सिपाही, लेखपाल व ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही प्रशासक (ग्राम प्रधान) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

    गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में खलिहान की जमीन में कुछ लोग चबूतरा बनवा कर वहां बिना प्रशासन से अनुमति लिए डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा रख रहे थे। इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को हुई। ऐसे में मंगलवार को एसडीएम रुद्रपुर, सीओ मौके पर पहुंचे और प्रतिमा रख रहे लोगों को समझ कर प्रतिमा रखने से मना कर दिया। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया।

    बुधवार को प्रतिमा के सामने लोग धूप अगरबत्ती जलाते रहे। गुरुवार को दिन में अचानक गांव के लोग उग्र हो गए और गांव में तैनात पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दिए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पथराव में कई पुलिस कर्मियों को चोटें आई।

    इस मामले में एसपी ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए उपनिरीक्षक अरविंद यादव, दीवान रमेश यादव व एलआइयू के सिपाही नागेश्वर सिंह को निलंबित कर दिया है, वहीं एसडीएम रुद्रपुर राज कुमार गुप्ता ने लेखपाल अरविंद कुमार को लापरवाही में निलंबित कर दिया। जिला पंचायत राज अधिकारी रतन कुमार ने ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) संजीव कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है।

    खबरें और भी

    डीएम ने प्रशासक (ग्राम प्रधान) दुर्गावती चौहान को खलिहान की भूमि पर कब्जा को लेकर नोटिस जारी किया है। डीएम व एसपी के सख्त रुख के बाद निलंबन की कार्रवाई से पुलिस व प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई है। गांव में तकरीबन 10 थाने की पुलिस तैनात की गई है।

    एडिशनल एसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय रात में व सुबह मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिए। एसपी अभिजीत आर शंकर ने बताया कि एक उप निरीक्षक और दो सिपाहियों को इस मामले में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है।

    गांव में पुलिस बल तैनात है, शांति व्यवस्था कायम है। एडीएम प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने बताया कि लेखपाल व ग्राम पंचायत अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है, वहीं प्रशासक (ग्राम प्रधान) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज में एक IAS व दो IPS समेत 19 अफसरों के टूटेंगे बंगले, 15 अगस्त तक खाली करना है; प्रशासन क्यों कर रहा कार्रवाई?