देवरिया में मोटर पंप में उतरे करंट से महिला की मौत, बचाने पहुंचे पति और बहन भी झुलसे
देवरिया के झरनाकुट्टी गांव में मोटर पंप में उतरे करंट की चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो ...और पढ़ें

मोटर पंप में उतरे करंट से महिला की मौत।
HighLights
झरनाकुट्टी गांव में मोटर पंप से करंट लगने से महिला की मृत्यु।
बचाने गए पति और बहन भी करंट की चपेट में आकर झुलसे।
मृतका के मासूम बच्चों को देख गांव में शोक का माहौल।
संवाद सूत्र, भटनी/घांटी बाजार। मोटर पंप में उतरे करंट की चपेट में आने से झरनाकुट्टी गांव में शुक्रवार को एक महिला की मृत्यु हो गई। उसे बचाने पहुंचे पति और बहन भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। उपचार के बाद महिला को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
झरनाकुट्टी गांव के रहने वाले फिरोज अंसारी की 26 वर्षीय पत्नी कहकशा खातून शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे घर की सफाई के लिए मोटर पंप चालू करने गई थीं। मोटर पंप चालू करने के बाद जैसे ही वह वहां से लौटने लगीं, उनका पैर मोटर पंप से सट गया। मोटर पंप में करंट उतरने के कारण वह उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
पत्नी को करंट की चपेट में फंसा देख पति फिरोज अंसारी और उनकी बहन नेहा उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन दोनों भी करंट की चपेट में आ गए। तीनों को करंट से चिपका देख आसपास के लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए लाठी की मदद से बिजली का तार अलग किया। जिसके बाद तीनों को करंट से मुक्त कराया जा सका।
स्वजन गंभीर हालत में तीनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कहकशा खातून को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया, लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई। पति और बहन का उपचार किया गया। महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बाद में गांव के कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
मासूम बेटे की पुकार सुन भर आईं आंखें
मां की मृत्यु से अनजान तीन वर्षीय बेटा आरिज बार-बार अपने पिता से पापा, मम्मी को जगा दीजिए कहकर रोता रहा। उसकी मासूम पुकार सुन वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, एक वर्षीय बेटी नाबिया अभी इतनी छोटी है कि उसे यह भी एहसास नहीं कि उसकी मां का साया हमेशा के लिए उसके सिर से उठ चुका है। बच्चों की स्थिति देख गांव में शोक का माहौल बना रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।