देवरिया में दरवाजे पर 12 घंटे तक रोका शव, समझौते के बाद हुआ अंतिम संस्कार
देवरिया में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर परिजनों और भीम आर्मी ने प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

पुलिस की निगरानी में भागलपुर के सरयू नदी के कालीचरण घाट पर हुआ अंतिम संस्कार। जागरण
HighLights
ऑपरेशन के बाद महिला की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन।
अस्पताल प्रबंधन और परिवार के बीच हुआ समझौता।
पुलिस निगरानी में महिला का अंतिम संस्कार संपन्न।
संवाद सूत्र, लार रोड, (देवरिया)। ऑपरेशन के बाद महिला की मृत्यु के मामले में शुक्रवार की देर रात मईल थाने में अस्पताल प्रबंधन व मृतका के घर वालों के बीच समझौता हो गया। रात करीब दो बजे दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद शनिवार की सुबह पुलिस की निगरानी में महिला के शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया। वहीं परिवार के लोगों ने दरवाजे पर करीब 12 घंटे तक शव का अंतिम संस्कार रोका था।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के चौरिया गांव की रहने वाली अनिता देवी पत्नी अशोक प्रसाद का मंगलवार को लार रोड स्थित निजी अस्पताल में बच्चेदानी की गांठ का आपरेशन हुआ था। गुरुवार को हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में ही महिला की मृत्यु हो गई।
महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही भीम आर्मी कार्यकर्ता व अन्य संगठनों के लोग परिवार वालों के साथ अस्पताल पहुंच गए व प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल प्रबंधन व परिजन के बीच शुक्रवार को दिनभर वार्ता होती रही, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी।
मईल पुलिस शुक्रवार शाम पोस्टमार्टम के बाद शव को चौरिया लेकर पहुंची। शव को अस्पताल में रखकर हंगामा किए जाने की आशंका को देखते हुए मईल, लार, भलुअनी व बरहज थाने की पुलिस मौके पर मुस्तैद रही। लार के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह चौरिया गांव में डटे रहे।
यह भी पढ़ें- देवरिया में खतरे के निशान के करीब पहुंची सरयू नदी, कई गांवों में मंडराया बाढ़ का खतरा
शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे मईल थाने में मृतका के पति, भाइयों व अस्पताल प्रबंधन के बीच वार्ता के बाद समझौता हो गया। शनिवार की सुबह करीब सात बजे स्वजन शव को भागलपुर स्थित कालीचरण घाट ले गए, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मईल थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव चौरिया पहुंचा था। शुक्रवार की रात मृतका के पति, भाइयों व अस्पताल प्रबंधन के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। किसी प्रकार का उपद्रव न हो, इसके लिए भागलपुर चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह व पुलिसकर्मियों की निगरानी में अंतिम संस्कार कराया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।