देवरिया में खतरे के निशान के करीब पहुंची सरयू नदी, कई गांवों में मंडराया बाढ़ का खतरा
देवरिया में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 10 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया है, जिससे तटवर्ती गांवों में बाढ़ का भय बढ़ गया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब।
देवरिया के तटवर्ती गांवों में बाढ़ का भय व्याप्त।
प्रशासन बाढ़ से निपटने की तैयारियों में जुटा हुआ।
संवाद सूत्र, देवरिया। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से सरयू नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से महज 10 सेंटीमीटर नीचे पहुंच गया। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए तटवर्ती गांवों के लोगों में बाढ़ की आशंका को लेकर भय व्याप्त है। हालांकि बाढ़ खंड और तहसील प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
केंद्रीय जल आयोग तुर्तीपार के अनुसार शनिवार शाम चार बजे सरयू नदी का जलस्तर 63.90 मीटर दर्ज किया गया। नदी का खतरे का निशान 64.010 मीटर है। पिछले 24 घंटे में नदी के जलस्तर में करीब 20 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। जलस्तर बढ़ने से नदी के आसपास के निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
इन गांवों में बढ़ा बाढ़ का खतरा
सरयू के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भागलपुर, देवसिया, नरियांव, मईल, मईलौटा, नरसिंह डाढ़, तेलियां कला, बलिया उत्तर, बलिया दक्षिण, सहियागढ़, तकिया, धराहरा और आदर्श नगर समेत अन्य तटवर्ती गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से भयभीत हैं। ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
बाढ़ खंड के अधिकारियों और तहसील प्रशासन की ओर से स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। संभावित बाढ़ को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।