देवरिया के श्रीरामपुर में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
देवरिया के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के मिश्रौली कुर्मी टोला में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमन महतो के ...और पढ़ें

HighLights
मिश्रौली कुर्मी टोला में युवक का शव मिला।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय अमन महतो के रूप में।
पुलिस हत्या की आशंका पर कर रही है जांच।
संवाद सूत्र, प्रतापपुर। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिश्रौली कुर्मी टोला में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भवानीछापर के समीप स्थित कुसौंधा गांव के रहने वाले 24 वर्षीय अमन महतो पुत्र पारस महतो के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी नंदकिशोर यादव के घर के पीछे सुबह करीब सात बजे कुछ महिलाएं लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर मुंह के बल पड़े एक युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर युवक की हालत संदिग्ध लगी, जिस पर उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिलाओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की खबर पूरे क्षेत्र में तेजी से फैल गई।
उधर, शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और युवक की पहचान अमन महतो के रूप में की। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि अमन की शादी हो चुकी थी और वह परिवार का जिम्मेदार सदस्य था।
मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव पर फिलहाल किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।