देवरिया में 24 करोड़ से बनेगा नया पुल, बघौचघाट में जाम से मिलेगी राहत; ग्रामीणों में खुशी की लहर
देवरिया और कुशीनगर के बीच बघौचघाट स्थित खनुवा नाला पर 24 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनेगा। कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर स्वीकृत यह पुल न ...और पढ़ें

HighLights
नारायणपुर का संकरा पुल बनेगा अतीत, समानांतर नए पुल को शासन की मंजूरी।
देवरिया-कुशीनगर आवागमन होगा सुगम, ग्रामीणों में खुशी की लहर।
जागरण संवाददाता, पथरदेवा। विधानसभा क्षेत्र पथरदेवा के बघौचघाट स्थित खनुवा नाला पर अंग्रेजों के स्थानीय मंदिर के तत्कालिक पुजारी बाबा भागवत दास ने जन सहयोग से बना नारायणपुर का पुल अब जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने की दिशा में बदलने जा रहा है। कृषिमंत्री सूर्य प्रताप शाही की पहल पर शासन ने इस संकरे पुल के समानांतर नए पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से देवरिया और कुशीनगर जनपद के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
वर्तमान में खनुवा नाला पर बना नारायणपुर का पुल काफी संकरा है, जिससे इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यह पुल दक्षिणी छोर से देवरिया और उत्तरी छोर से कुशीनगर को जोड़ता है, जिसके कारण इस पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ता गया है। लंबे समय से स्थानीय ग्रामीण और राहगीर यहां नए पुल की मांग कर रहे थे।
शासन से स्वीकृति मिलने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नए पुल के बनने से न सिर्फ जाम की समस्या समाप्त होगी, बल्कि आवागमन भी सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।
नया पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी और समय की भी बचत होगी।- राहुल जायसवाल, बघौचघाट।
वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान अब संभव हो सका है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।- विनोद कुशवाहा, मलवाबार
यह पुल दोनों जनपदों के लोगों के लिए जीवनरेखा साबित होगा। इसके बन जाने से समय की बचत भी होगी।- विनय तिवारी, धरहरा
जाम की समस्या से निजात के साथ ही नए पुल के निर्माण से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।- नितेश यादव, नारायणपुर।
पुल का निर्माण सेतु निगम द्वारा लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके बन जाने से दो जनपदों के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और शीघ्र ही विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।- सूर्य प्रताप शाही, कृषिमंत्री
यह भी पढ़ें- लोहे की रॉड से पीटकर ससुर को मार डाला, देवरिया में 10 साल बाद दोषी दामाद को उम्रकैद