IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे की राह में अभी कई औपचारिकताएं, 10 जगहों से मांगा गया नो ड्यूज
आईएएस दिव्या मित्तल के त्यागपत्र की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिसके लिए शासन ने उनके पूर्व और वर्तमान तैनाती ...और पढ़ें

दिव्या मित्तल की फाइल फोटो। इंटरनेट मीडिया
HighLights
आईएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफे की प्रक्रिया जारी।
शासन ने 10 कार्यालयों से 'नो ड्यूज' मांगे।
प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, देवरिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने के अनुरोध के बाद आइएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के इस्तीफे की प्रक्रिया आगे बढ़ने लगी है। शासन ने उनके पूर्व और वर्तमान तैनाती स्थलों से अदेय प्रमाणपत्र (नो ड्यूज) मांगा है। करीब 10 कार्यालयों व जिलों को पत्र भेजकर संबंधित अभिलेख और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद ही उनके त्यागपत्र के अनुरोध पर आगे की कार्रवाई होगी।
नियुक्ति अनुभाग-एक के विशेष सचिव विजय कुमार की ओर से 31 अगस्त को संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि 2013 बैच की आइएएस दिव्या मित्तल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने का अनुरोध किया है। त्यागपत्र की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए उनकी विभिन्न तैनाती अवधि का अदेय प्रमाणपत्र आवश्यक है।
दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाली। वह मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट रहीं। इसके बाद गौतमबुद्ध नगर में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) और कानपुर नगर में यूपीसीडा की संयुक्त प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात रहीं। वह बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
इसके बाद उन्होंने संतकबीर नगर, मीरजापुर के जिलाधिकारी के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी में मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी भी संभाली।
देवरिया में करीब दो वर्ष रहीं जिलाधिकारी
जुलाई 2024 में दिव्या मित्तल को देवरिया का जिलाधिकारी बनाया गया था। उन्होंने पांच मई 2026 तक जिले की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उनका तबादला शासन में कर दिया गया और छह मई 2026 से वह राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं।
अब त्यागपत्र देने के अनुरोध के बाद शासन ने उनकी सभी प्रमुख तैनातियों से संबंधित कार्यालयों से नो ड्यूज मांगा है। इसमें प्रमुख सचिव राजस्व विभाग, उत्तर प्रदेश ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सहित संबंधित जिलों के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- ‘धूप ही तो है, पिघल थोड़ी जाएंगे...’ वाले डायलॉग से छाईं IAS दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, पुराना VIDEO फिर वायरल
नो ड्यूज के बाद आगे बढ़ेगी फाइल
प्रशासनिक स्तर पर संबंधित कार्यालयों से अदेय प्रमाणपत्र प्राप्त होने के बाद त्यागपत्र से जुड़ी फाइल पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यानी फिलहाल दिव्या मित्तल के इस्तीफे के अनुरोध पर प्रक्रिया औपचारिक चरण में है और विभिन्न विभागों से रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
दिव्या मित्तल ने रविवार को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र देने के अनुरोध की जानकारी साझा की थी। इसके बाद से उनका इस्तीफा चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- ट्रांसफर पर हुई थी फूलों की बारिश, अब 13 साल बाद छोड़ी IAS की नौकरी; जानिए क्या है दिव्या मित्तल का अगला प्लान
