ट्रांसफर पर हुई थी फूलों की बारिश, अब 13 साल बाद छोड़ी IAS की नौकरी; जानिए क्या है दिव्या मित्तल का अगला प्लान
पूर्व मीरजापुर जिलाधिकारी आईएएस दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद उनके अगले ...और पढ़ें
-1788066054717_m.webp)
आइएएस दिव्या मित्तल की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
पूर्व मीरजापुर डीएम दिव्या मित्तल ने पद से इस्तीफा दिया।
विकास कार्यों और स्वभाव के कारण जनपद में काफी लोकप्रिय थीं।
उनके अगले कदम को लेकर राजनीति में आने की चर्चाएं तेज।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। जनपद की पूर्व जिलाधिकारी आइएएस दिव्या मित्तल ने इस्तीफा दे दिया है। उनके इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर इस्तीफे की जानकारी होते जनपद में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गई। जनपद में विकास कार्यों और स्वभाव के चलते लोगों में काफी लोकप्रिय रहीं आइएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफा को लेकर अगले कदम पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कहा जा रहा है कि इनका अगला कदम समाज सेवा को लेकर राजनीति में आना हो सकता है। जनपद में तैनाती के दौरान दिव्या मित्तल विकास कार्यों को लेकर काफी चर्चित रहीं। राजनेताओं की बातों को दरकिनार कर अपने फैसले पर अडिग रहती थीं। उनके अडिग फैसले का ही परिणाम रहा कि आजादी के लगभग 76 साल बाद जनपद की पहाड़ी पर स्थित लहुरिया दह गांव के लोगों को पहली बार पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति मिली।
इसके पहले तक गांव के 1,200 लोग पानी के लिए पास के झरने पर निर्भर थे, जो गर्मियों में सूख जाता था। ऐसे में गांव में पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकर ही एकमात्र साधन थे। इसके लिए गांव वालों को पैसा देना पड़ता था। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगा सकते है कि ट्रांसफर होने के बाद लोगों ने फूलों की वर्षा करके स्वागत करते हुए विदाई दी थी।
आगमी 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमा सकती हैं भाग्य
पूर्व जिलाधिकारी गत 10 जुलाई को जनपद में जनता की नब्ज टटोलने के लिए अपने शुभचिंतकों से मुलाकात की थी। इस दौरान नए कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के साथ ही राजस्व से जुड़े कई मामलों की समीक्षा की थी। इसके साथ ही मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के साथ ही कछवां क्षेत्र के कई मंदिरों व सदर विधानसभा क्षेत्र के साथ ही जनपद की अन्य ग्राम पंचायतों में भी जाकर अपने शुभचिंतकों से मुलाकात व मंदिरों में दर्शन-पूजन किया था।
वर्ष 2022 में हुई जनपद में तैनाती
दिव्या मित्तल को शासन ने 18 सितंबर 2022 को मीरजापुर का डीएम की जिम्मेदारी सौंपी थी। वह मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी की निवासी हैं, लेकिन उनका जन्म दिल्ली में ही हुआ। उनकी पढ़ाई भी दिल्ली में ही हुई। 10वीं और 12वीं करने के बाद दिल्ली में ही बीटेक किया और फिर आइआइएम बेंगलुरु से एमबीए की। इसके बाद उनकी शादी हो गई। उनकी और पति गगनदीप सिंह की लंदन में बहुत अच्छे पैकेज पर नौकरी भी लग गई थी, लेकिन देश प्रेम इतना वह वहां ज्यादा दिन तक नहीं रह पाईं।
पति-पत्नी ने इस्तीफा देकर लंदन से वापस लौटने का फैसला किया और हुआ भी यही। जनपद से दिव्या मित्तल को बस्ती के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया था। जनपद में डीएम के पद पर रहने के दौरान विकास को लेकर काफी सख्त थी। अक्सर अधिकारियों को फटकार लगाती रहती थीं। लोगों की मदद करने को लेकर भी वह खूब सुर्ख़ियों में रहीं। यही वजह थी कि उन्हें विदाई देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
यह भी पढ़ें- IAS अफसर दिव्या मित्तल ने 13 वर्ष की सेवा के बाद दिया इस्तीफा, विशेष सचिव के पद पर थीं तैनात
लोगों ने कर दी फूलों की बारिश
आइएएस दिव्या मित्तल की विदाई पर झूले पर बैठाकर फूलों की बारिश की गई। लोगों का कहना है कि ऐसी विदाई कुछ ही लोगों को नसीब होती है तो वहीं कुछ का कहना है कि ऐसे अधिकारियों को देश को जरूरत हैं, जहां भी रहेंगी, लोगों का भला होगा।
