रामपुर कारखाना विधायक का रिपोर्ट कार्ड: क्षेत्र में सड़कों का बिछा जाल, रोजगार का अभी भी इंतजार कर रहे युवा
रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया के कार्यकाल में सड़कों और पुलों के निर्माण को प्राथमिकता मिली, जिससे कनेक्टिविटी मजबूत हुई। हालांकि, उद्योग, स् ...और पढ़ें
-1785000404479_m.webp)
रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया।
HighLights
ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों और पुलों का व्यापक निर्माण।
भटनी चीनी मिल व खुखुंदू ब्लॉक की मांगें अधूरी।
स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा, बिजली में अपेक्षित सुधार नहीं।
जागरण संवाददाता, देवरिया। रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र में विधायक सुरेंद्र चौरसिया के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में सड़क, पुल, पुलिया व आधारभूत ढांचे के विकास को सबसे अधिक प्राथमिकता मिली। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र को कई ऐसी परियोजनाएं मिलीं, जिनकी लंबे समय से मांग की जा रही थी।
संपर्क मार्गों के निर्माण व चौड़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। हालांकि उद्योग, स्वास्थ्य, तकनीकी शिक्षा व बिजली व्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दों पर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।
कानूनी विवाद में फंसी भटनी चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी। खुखुंदू को ब्लाक का दर्जा दिलाने की मांग भी पूरी नहीं हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर बिजली के तार व पोल आज भी परेशानी का कारण बने हुए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किसी बड़े सरकारी अस्पताल या नई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना की शुरुआत नहीं हो सकी। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अब तक एक भी राजकीय पॉलीटेक्निक की स्थापना नहीं हो पाई।
विधायक के प्रयासों से सड़क, पुल, शिक्षा, पर्यटन, शहरी विकास व जनसुविधाओं से जुड़े कुल 454 विकास कार्य स्वीकृत हुए। खुखुंदू-पड़री बाजार-कोल्हुआ, नूनखार-परसिया मिश्र, बैकुंठपुर-भटनी, फतेहपुर-खोरीबारी, गोरयाघाट-कंचनपुर, विशुनपुरा बाजार-पथरदेवा, कौला मुंडेरा-पथरदेवा व महुआनी-आमघाट सहित अनेक संपर्क मार्गों का टू-लेन निर्माण, ग्रामीण सड़कों का चौड़ीकरण व हाटमिक्स से सुदृढ़ीकरण कराया गया।
महुआपाटन में छोटी गंडक नदी पर टू-लेन सेतु का निर्माण जारी है, जबकि मुण्डेरा मिश्र-मथुरा छापर के मध्य पुल बनकर तैयार हो चुका है। दलपिठनी-बड़हरा बाबू के पास कांची नाले पर पुल, छोटी गंडक नदी पर पटनवा, भरहेचौरा का निर्माण कार्य जारी है। कमधेनवा व कुशहरी के सामने छोटी गंडक नदी पर पीपा पुल बनेगा।
खबरें और भी
भटनी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है, जिसके मार्च 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। बड़ी परियोजनाओं में 24.93 करोड़ रुपये की लागत से खुखुंदू-नूनखार-भटनी मार्ग व 41.62 करोड़ रुपये की लागत से भटनी-बलुआ अफगान मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य कराया गया।
- कुल मतदाता: 3,22,480
- पुरुष मतदाता: 1,77,753
- महिला मतदाता: 1,44,727
वहीं 9.61 करोड़ रुपये की लागत से देवरिया-कसया मार्ग से पिपरपाती-पड़रीमल्ल-राउतपार-बैकुंठपुर-माधवापुर मार्ग के सुदृढ़ीकरण व 6.78 करोड़ रुपये की लागत से बैकुंठपुर-नूनखार-दुल्हू मार्ग के निर्माण को मंजूरी मिली। बैकुंठपुर व रामपुर कारखाना स्थित कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में इंटर तक की पढ़ाई शुरू हुई।
खुखुंदू स्थित जैन तीर्थ पुष्पदंतनाथ मंदिर, विशुनपुरा के प्राचीन विष्णु मंदिर व बरियारपुर स्थित कोटेवरी देवी स्थल के पर्यटन विकास की योजनाएं भी स्वीकृत हुईं। इसके अलावा आरसीसी नालों, सीसी सड़कों, स्ट्रीट लाइट, आधुनिक घाट, बाढ़ सुरक्षा कार्य, अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण तथा पंसरहीं में संभागीय परिवहन विभाग कार्यालय व बरियारपुर नगर पंचायत कार्यालय के निर्माण कार्य भी शुरू हुए।
साढ़े चार वर्षों में मेरी प्राथमिकता रामपुर कारखाना विधानसभा के हर गांव तक बेहतर सड़क, पुल, पुलिया व आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने की रही है। इसी उद्देश्य से सैकड़ों विकास कार्य स्वीकृत कराए गए व अनेक परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार आया है। शिक्षा, पर्यटन, बाढ़ सुरक्षा, शहरी विकास व जनसुविधाओं के क्षेत्र में भी लगातार कार्य हुए हैं। कई बड़ी परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, जिनके पूरा होने पर लोगों को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जहां तक शेष चुनौतियों का प्रश्न है। उनको लेकर सरकार के स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मेरा संकल्प है कि बिना किसी भेदभाव के विधानसभा के समग्र विकास के लिए कार्य करता रहूं व जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए हर अधूरी योजना को पूरा कराने का प्रयास करूं। -सुरेंद्र चौरसिया, भाजपा विधायक, रामपुर कारखाना।
साढ़े चार वर्षों में विधानसभा क्षेत्र की जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है। विधायक आम लोगों की समस्याएं सुनने व उनका समाधान कराने में पूरी तरह विफल रहे हैं। गांवों में जर्जर बिजली के तार व पोल आज भी हादसों का कारण बने हुए हैं, अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। गांवों में खराब सड़क संपर्क की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कोई ठोस पहल नहीं हुई। न कोई बड़ा सरकारी अस्पताल मिला व न ही ऐसी स्वास्थ्य परियोजना शुरू हुई, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके। जनता विकास के साथ जवाबदेह जनप्रतिनिधित्व चाहती है। लोगों में नाराजगी है व वे बदलाव की उम्मीद कर रहे हैं। -गजाला लारी, पूर्व विधायक सपा. रनर अप।
विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछने से आवागमन सुगम हुआ है। इससे व्यापार व आम लोगों को लाभ मिला है। हालांकि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भटनी चीनी मिल का चालू किया जाना जरूरी है। इस दिशा में अब तक अपेक्षित पहल नहीं हो सकी है। -नवीन गुप्ता, व्यापारी नेता।
विधायक के प्रयास से क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बेहतर हुई है व बिजली व्यवस्था में भी पहले की तुलना में सुधार आया है। इसके बावजूद खुखुंदू को ब्लाक बनाने की वर्षों पुरानी मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा है। -नत्थुन राय, समाजसेवी।
छोटी गंडक नदी पर कई पुल-पुलियों का निर्माण हुआ और कस्तूरबा विद्यालय में इंटर तक पढ़ाई की सुविधा मिली। फिर भी क्षेत्र में राजकीय पॉलीटेक्निक व राजकीय आइटीआइ की आवश्यकता महसूस की जा रही है। साथ ही बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की जरूरत है। -कृष्ण कुमार शाही, पूर्व प्रधानाचार्य।
विधानसभा क्षेत्र में कई पुल बनाए गए। सड़क चौड़ीकरण व अन्य विकास कार्यों से आम लोगों को काफी राहत मिली है। बिजली व्यवस्था में भी सुधार के प्रयास हुए हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी और काम करने की आवश्यकता है। -राघवेंद्र कुशवाहा, अधिवक्ता।