एटा: आसपुर-सकीट-औंछा मार्ग 10 मीटर होगा चौड़ा, हादसों में आएगी कमी; आवागमन होगा सुरक्षित और सुगम
एटा जिले में आसपुर-सकीट-औंछा मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इससे आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा, जिससे क्षेत्रीय लोगों को ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
आसपुर-सकीट-औंछा मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव भेजा
चौड़ीकरण से आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा, मिलेगी राहत
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने में मिलेगी महत्वपूर्ण मदद
जागरण संवाददाता, एटा। जिले की प्रमुख सड़कों को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। ब्लाक सकीट क्षेत्र के आसपुर-सकीट-औंछा मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव को लेकर क्षेत्रीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। मार्ग के चौड़ीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सड़क हादसों पर भी काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।
सड़क की चौड़ाई अभी है कम
वर्तमान में यह मार्ग कई स्थानों पर जर्जर स्थिति में है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आमने-सामने से आने वाले बड़े वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। यह मार्ग को मैनपुरी जनपद से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इस पर दिनभर भारी और हल्के वाहनों का दबाव बना रहता है।
लोग लंबे समय से कर रहे थे मांग
क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे। सड़क चौड़ी होने से किसानों, व्यापारियों, स्कूली वाहनों और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: टिन्नू यादव का नाम लेने पर मिलती थी चेकिंग से छूट, SIT को बैंक कैशियर ने बताया
प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ललित कुमार अग्रवाल ने बताया कि आसपुर-सकीट-औंछा मार्ग को 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सकेगा।