सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में एटा ने लगाई बड़ी छलांग, अलीगढ़ मंडल में रहा पहले पायदान पर
एटा जनपद ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून माह की रैंकिंग में प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। जिले ने अलीगढ़ मंडल में प्रथम स्थान हासिल कर विकास ...और पढ़ें

एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह।
जागरण संवाददाता, एटा। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून माह की रैंकिंग में जनपद एटा ने टाॅप टेन में जगह बनाई है। जिले ने अलीगढ़ मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया है और प्रदेश में विकास कार्यों के मूल्यांकन में आठवां स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों की सराहना करते हुए जिले को और सुधार करने के लिए निर्देशित किया है।
एटा ने अलीगढ़ मंडल में एक बार फिर अपनी श्रेष्ठ कार्यशैली का परिचय दिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं मेरठ मंडलों के जनपदों में एटा ने द्वितीय स्थान हासिल किया है। मंडल के अन्य जनपदों में अलीगढ़ 42वें, हाथरस 61वें और कासगंज 62वें स्थान पर रहे।
जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को समयबद्ध प्रगति, गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन और पोर्टल पर समय से डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभागवार समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की प्रगति का अनुश्रवण किया गया और अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं।
प्रत्येक परियोजना की नियमित मानिटरिंग, समयबद्ध निर्णय और जवाबदेही तय करने से विकास कार्यों में उल्लेखनीय तेजी आई, जिसका सकारात्मक परिणाम मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।