एटा: 24 घंटे में 20 लोगों को सांपों ने डंसा, पहली बारिश के बाद ही बने मुसीबत; बिलों में पानी भरने से निकल आए बाहर
एटा में पहली बारिश के बाद सर्पदंश की घटनाओं में अचानक वृद्धि हुई है, पिछले 24 घंटों में 20 से अधिक मरीज मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जलभराव के कारण सांप बिलों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, एटा। जिले में बुधवार तड़के हुई झमाझम बारिश के बाद सर्पदंश की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खेत-खलिहानों, निचले इलाकों और मैदानी क्षेत्रों में पानी भर जाने से सांप अपने बिलों से बाहर निकल आए हैं और हमलावर हो रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में सर्पदंश के 20 से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचे।
वहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराकर जान बचाई है। बरसात के मौसम में जलभराव होने पर सांप सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों, खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर निकल आते हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
कई मामलों में लोग रात के समय अंधेरे में चलते हुए या खेतों में काम करते समय सर्पदंश का शिकार हो रहे हैं। वर्षा के बाद सर्पदंश की घटनाएं बढ़ना सामान्य है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
घर और आसपास साफ-सफाई रखें, झाड़ियों की नियमित कटाई कराएं और रात में बाहर निकलते समय टार्च का प्रयोग करें। खेतों में कार्य करते समय जूते पहनें और बिना देखे किसी बिल, घास या लकड़ी के ढेर में हाथ न डालें।
खबरें और भी
सांप के डंसने के बाद झाड़ फूंक से बचें
राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान लखनऊ से प्रशिक्षण लेकर आए चीफ फार्मासिस्ट डा. सुबोध मिश्रा का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को सांप डस ले तो घबराएं नहीं और न ही झाड़-फूंक या तांत्रिक उपचार के चक्कर में पड़ें। काटे हुए स्थान को कस के बांधें, लेकिन उंगली जानी चाहिए। पीड़ित को बाइक पर बिठाकर ही लाएं। ऐसे मामलों में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है।
पीड़ित को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या मेडिकल कालेज ले जाएं, जहां एंटी स्नेक वेनम सहित आवश्यक उपचार उपलब्ध है। समय पर इलाज मिलने से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो जाते हैं। कहा कि बरसात के मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतें और सर्प दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें।