पत्नी के साथ न जाने से नाराज युवक टाॅवर पर चढ़ा, एटा में चार घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
एटा के मलावन में एक युवक अपनी पत्नी के साथ न जाने से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी दी। सूरज प्रताप नामक युवक ने चार घंटे तक हाई व ...और पढ़ें

एटा में मोबाइल टॉवर पर चढ़ा युवक।
HighLights
चार घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा, कूदने की धमकी दी।
पत्नी ने पति पर शराब पीकर मारपीट का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, एटा। कस्बा व थाना मलावन में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया और कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। उसने पुलिस को बताया कि पत्नी साथ नहीं जा रही है।
इस वजह से वह नाराज है। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर आ गई।
मलावन थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर के मुहल्ला आंबेडकर नगर निवासी सूरज प्रताप अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। यहां पत्नी ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया।
इससे आक्रोशित होकर युवक अचानक घर के पास स्थित मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। टाॅवर के ऊपर बैठकर पत्नी को साथ ले जाने की जिद करने लगा। उसने ऊपर से धमकी दी कि यदि पत्नी साथ नहीं गई तो वह टाॅवर से कूद जाएगा।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीण लगातार उसे मनाने में जुटे रहे।
पत्नी ने आरोप लगाया कि पति सूरज प्रताप शराब पीकर आए दिन पीटता है, इसी वजह से वह उसके साथ नहीं जाना चाहती। बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में हुई थी और लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है।
सीओ सकीट नितीश गर्ग ने बताया कि स्वजन, ग्रामीण व पुलिस के समझाने पर चार घंटे बाद युवक नीचे उतरा। उसकी पत्नी ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे स्वजन को सौंप दिया।