Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शॉपिंग के बहाने ले जाकर सैनिक ने कर दी पत्नी की हत्या, अवैध संबंधों का था शक; पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर एटा जेल भेजा

    By Vinay Kumar Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Thu, 23 Jul 2026 07:47 PM (GMT+05:30)

    एटा में एक सैनिक ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपित सैनिक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है औ ...और पढ़ें

    AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    AI जेनरेटेड सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सेना में तैनात एक जवान पर अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की हत्या कर शव आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंकने का आरोप है।

    महिला के मायके पक्ष की तहरीर पर दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए आरोपित जवान को उसके ड्यूटी स्थल पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। उसकी निशानदेही पर महिला के शव की तलाश के लिए नहर में अभियान चलाया जा रहा है।

    पुलिस के अनुसार, कोतवाली नगर क्षेत्र के निधौलीकलां रोड निवासी आरोपित सेना में तैनात है और वर्तमान में उसकी पोस्टिंग जलपाईगुडी(पश्चिम बंगाल) में है। इससे पहले वह पठानकोट में तैनात रह चुका है। छह जुलाई को वह छुट्टी पर घर आया था। उसी दिन उसने पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ चलने के लिए कहा

    रास्ते में उसके गांव का ही एक युवक अजय भी साथ था। इसके बाद महिला घर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। इस पर महिला की मां ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच शुरू की।

    खबरें और भी

    जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पति पर शक हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ वारंट जारी कराया और सेना में इसकी सूचना दी। इसके बाद कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ पश्चिम बंगाल के जलपाईगुडी पहुंचे और सेना के अधिकारियों के सहयोग से आरोपित जवान को हिरासत में लेकर एटा लाए

    पूछताछ में आरोपित ने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसे पत्नी के अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। छह जुलाई को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद उसने अपने दोस्त अजय के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों ने शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया।

    हत्या के बाद आरोपित वापस अपने ड्यूटी स्थल पर चला गया। पुलिस ने आरोपित जवान को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके साथी अजय की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।

    कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर हजारा नहर में महिला के शव की तलाश कराई जा रही है। स्थानीय गोताखोरों और संबंधित विभाग की मदद से सर्च अभियान जारी है।

    शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या के संबंध में और महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और फरार सहआरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।