एटा में डाकघर से कई खाताधारकों की रकम पार, कर्मचारी ही कर गया खेल; निलंबित किया गया
एटा के अहमदाबाद गांव स्थित डाकघर में खाताधारकों की लाखों रुपये की जमा रकम हड़पने का मामला सामने आया है। एक कर्मचारी पर पासबुक का दुरुपयोग कर पैसे निका ...और पढ़ें

डाकघर के बाहर हंगामा करते खाताधारक।
जागरण संवाददाता, एटा। तहसील सदर क्षेत्र के गांव अहमदाबाद स्थित डाकघर में खाताधारकों की जमा रकम हड़पे जाने के आरोप सामने आए हैं।
ग्रामीणों ने डाकघर के एक कर्मचारी पर खाताधारकों की पासबुक का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से खातों से लाखों रुपये निकालने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर पीड़ित ग्रामीणों में आक्रोश है और डाकघर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर हंगामा भी किया गया।
विभाग ने कर्मचारी को निलंबित कर दिया है और प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। खाताधारकों ने डाकघर के कर्मचारी ग्रामीण शाखा डाकपाल भानू पर आरोप लगाया है कि उसने पासबुक अपने पास रखकर रकम निकाल ली।
जब खाताधारकों को अपने खातों में जमा धनराशि कम होने की जानकारी मिली, तो उन्होंने पासबुक और खातों का मिलान किया। जांच में कई खातों से संदिग्ध निकासी सामने आने पर ग्रामीण भड़क उठे।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण डाकघर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत की कमाई डाकघर में सुरक्षित समझकर जमा की थी।
लेकिन अब उनके खाते खाली हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपित कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा खाताधारकों की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के अन्य खाताधारकों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने शुक्रवार को शिकायत दी थी। तत्काल एएसपी डाकघर कुलदीप कुमार को जांच सौंपी गई।
शाम को मिली जांच रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। एक सप्ताह में पूर्ण जांच कर कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश भी दिए गए हैं। खातों से रकम कितनी निकली है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।