सड़क मरम्मत करने पहुंची पीडब्ल्यूडी टीम पर हमला, साइड पटरी पर था कब्जा; एटा में कर्मचारियों को घेरकर दौड़ा दिया
एटा के शीतलपुर गांव में सड़क मरम्मत करने पहुंची पीडब्ल्यूडी टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। सड़क की पटरी पर अवैध कब्जे के विरोध में कर्मचारियों के साथ ...और पढ़ें

एटा में सड़क मरम्मत करने पहुंची टीम से उलझते लोग।
जागरण संवाददाता, एटा। जिला मुख्यालय से अलीगंज जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित गांव शीतलपुर के पास शुक्रवार को सड़क और उसकी पटरी का मरम्मत कार्य उस समय रुक गया, जब कुछ दबंगों ने पीडब्ल्यूडी की टीम से मारपीट कर दी।
आरोप है कि सड़क की पटरी पर कब्जा किए बैठे लोगों ने मरम्मत कार्य का विरोध करते हुए विभागीय कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और उन्हें दौड़ा लिया। हालात ऐसे बन गए कि कर्मचारी अपनी जान बचाकर जेसीबी मशीन सहित मौके से लौट आए। घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में रोष है।
पीडब्ल्यूडी ने पूरे मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शीतलपुर के पास सड़क पर कई स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। वहीं, सड़क की पटरी भी कट जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है तथा यहां दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क और पटरी की मरम्मत कराने का निर्णय लिया था। इसके तहत शुक्रवार को विभागीय कर्मचारी जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचे थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सड़क की पटरी पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है।
खबरें और भी
जैसे ही कर्मचारियों ने गड्ढे भरने और पटरी को समतल करने का कार्य शुरू किया, कब्जाधारियों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दबंगों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें मौके से भगा दिया। कर्मचारियों को दौड़ाए जाने के कारण मरम्मत कार्य तत्काल रोकना पड़ा और पूरी टीम जेसीबी सहित वापस लौट आई।
घटना के बाद कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मौके पर मौजूद लोगों के फोटो और अन्य साक्ष्य भी विभाग ने एकत्र किए हैं। इन्हीं के आधार पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई है।
विभाग ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और सड़क निर्माण कार्य रोकने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोबारा पुलिस सुरक्षा में मरम्मत कार्य कराया जा सके।
शीतलपुर मार्ग एटा से अलीगंज को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। सड़क और पटरी की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में मरम्मत कार्य रुकने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। फिलहाल शहर कोतवाली पुलिस के पास तहरीर नहीं पंहुची है।
शीतलपुर में सड़क और पटरी की मरम्मत के लिए विभागीय टीम भेजी गई थी, लेकिन कुछ दबंगों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए कार्य रुकवा दिया। कर्मचारियों को मौके से लौटना पड़ा। पूरे मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। फोटो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
ललित कुमार, अधिशासी अभियंता