Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एटा सदर विधायक का रिपोर्ट कार्ड: सड़कों से लेकर स्वास्थ्य तक विकास, विरोधियों को नहीं लगा कुछ खास

    By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 01:34 PM (IST)

    एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने सड़कों, स्वास्थ्य और बिजली सहित 500 से अधिक विकास कार्यों का दावा किया है। विपक्षी सपा ने इन दावों को खारिज करते ह ...और पढ़ें

    एटा सदर विधानसभा सीट से विधायक विपिन वर्मा डेविड।

    एटा सदर विधानसभा सीट से विधायक विपिन वर्मा डेविड।

    HighLights

    1. विधायक ने 500 से अधिक विकास कार्यों का दावा किया।

    2. सपा ने विकास दावों को खारिज कर क्षेत्र को बदहाल बताया।

    अनिल गुप्ता, एटा। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में सदर विधानसभा क्षेत्र के लोग अपने भाजपा विधायक विपिन वर्मा डेविड के विकास कार्यों की चर्चा में मशगूल हैं। वे आंकलन कर रहे हैं कि जितने दावे किए जा रहे क्या उतना विकास हुआ है। हालांकि तमाम काम धरातल पर दिखाई दे रहे हैं।

    इनमें सड़कों के जाल से लेकर स्वास्थ्य, राशन की दुकानें, लाइब्रेरी का निर्माण, सैटेलाइट बस स्टैंड की पैरवी, यात्रीशेड, विद्युतीकरण जैसे काम शामिल हैं। एक तरफ दावे हैं तो दूसरी तरफ विपक्ष की नजर में कोई खास काम नहीं हुए हैं। जबकि छोटे-बड़े विकास कार्यों की संख्या 500 से अधिक है।

    हरिकिशनपुर में एक करोड़ 60 लाख की लागत से गोशाला बनवाई गई, हरचंदपुर कलां में 43केवीए का विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराया गया। इसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों को मिल रहा है। लोगों के लिए सफर आरामदायक रहे इसको लेकर दो एसी बसें भी संचालित कराईं हैं। सामुदायिक भवन निर्माण का काम भी हुआ है। कई स्थानों पर पुल बनवाए गए। शीतलपुर विकास खंड में तीन राशन की दुकानें भी संचालित कराईं गईं

    बाकलपुर-चपरई, सौंहार-दासपुर, बरौली-जलालपुर, कंसुरी-बनैहरा, रजपुरा-नाजिरपुर, औछा मार्ग-करमचंदपुर, नंदपुर-दूल्हापुर, एआरटीओ कार्यालय के पीछे चिलासनी रोड आदि सहित तमाम स्थानों पर सड़कें, यात्रीशेड बनवाए गए। अशोक बिहार कालोनी में सीसी निर्माण कार्य कराया गया है।

    हाईमास्ट लाइटें भी तमाम गांवों में लगवाईं गईं। इनमें सोंसा, नगला पूनी, पहरई, करतला, जलालपुर सांथल, वाजिदपुर, ज्यूरी, आर्ष गुरुकुल जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। चार स्वास्थ्य उपकेंद्र भी स्वीकृत कराए गए हैं। 50 लाख की लागत से सकीट सीएचसी पर बीपीएचयू लैब बनवाई जाएगी। जमलापुर, भगीपुर में इंटरलाकिंग भी कराई गई। इंटरलाकिंग वाले गांवों की तादात भी काफी है

    खबरें और भी

    ग्राम पंचायत सलेमपुर सहित कई गांवों में ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर हाईमास्क लाइटें लगवाईं गईं, जहां अंधेरा रहता था। होली स्थल पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया। सैटेलाइट बस स्टैंड की पैरवी भी उपलब्धि मानी जा सकती है। आसपुर-बागवाला-सिढ़पुरा मार्ग के चौड़ीकरण की लागत लगभग 30 करोड़ रुपये आएगी, प्रस्ताव शासन में लंबित है, जिस पर मंजूरी मिलना बाकी है। इस सड़क के बनने से आवागमन काफी सुलभ हो जाएगा।

    पक्ष-विपक्ष के लोग अपने-अपने नजरिए से विकास कार्यों को देख रहे हैं। अधिकांश लोगों का मानना है कि विकास की कमी नहीं रही, जितना समय था उतना विकास हुआ। अच्छी बात यह भी है कि विधायक की सक्रियता क्षेत्र में निरंतर बनी रही। विधानसभा चुनाव में जनता इन विकास कार्यों पर कितनी मुहर लगाएगी यह देखना बाकी है।

    विधायक की बात

    सड़क, बिजली, यात्री शेड, सीसी निर्माण, इंटरलाकिंग, हाईमास्क लाइटें, क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में लगवाईं गईं। हमने अपने कार्यकाल में समग्र रूप से विकास कार्य कराया है। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। तमाम काम विधायक निधि से कराए हैं। जनता के लिए 24 घंटे मैं उपलब्ध रहा हूं। क्षेत्र के लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अधिकांश पात्र लाभार्थी से स्वयं जाकर मिला हूं

    जिन्हें वास्तव में मदद की आवश्यकता थी, उनकी हर तरह से मदद की गई। सैटेलाइट बस स्टैंड, बाईपास, सामुदायिक भवन जैसी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए शासन से पर्याप्त पैरवी की और पैसा लाकर अपने क्षेत्र में विकास कार्यों पर लगाया है। जनता मौका देगी तो आगे भी और ज्यादा काम करेंगे।
    विपिन वर्मा डेविड, सदर विधायक

    सपा जिलाध्यक्ष की बात

    सदर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ। जो काम गिनाए जा रहे हैं वे धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे। आम जनता आज भी परेशान है। क्षेत्र में शिक्षा के साधन नहीं बढ़ पाए। तमाम संपर्क मार्ग टूटे हैं, जिनसे होकर लोगों का गुजरना मुश्किल हो रहा है। वर्षा के दिनों में और ज्यादा मुश्किल का सामना करना पड़ता है। गांवों में विद्युतीकरण का दावा किया जा रहा है, जो लाइटें लगवाईं गईं उनमें अधिकांश खराब हो गईं

    अभी तक गांवों के लोग विद्युत कनेक्शन के लिए भटक रहे हैं। तमाम लोगों ने आवेदन कर रखे हैं उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पा रहे। बिना पैसे दिए किसानों के काम नहीं हो रहे। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा भी खोखला नजर आ रहा है।
    परवेज जुबैरी, सपा जिलाध्यक्ष