Etah Weather: दोपहर तक उमस ने छुड़ाया पसीना, बाद में झमाझम बारिश से राहत; तापमान लुढ़का
एटा में सुबह से दोपहर तक उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और चली ...और पढ़ें

एटा में शनिवार दोपहर बाद हुई बारिश से गीली सड़कें।
HighLights
दोपहर बाद झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत।
बारिश के बाद तापमान गिरा, मौसम हुआ सुहावना।
जागरण संवाददाता, एटा। जिले में शनिवार को मौसम ने लोगों की परीक्षा ली। सुबह से ही आसमान में आंशिक बादल छाए रहने के बावजूद उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किए रखा। तेज धूप भले ही लगातार नहीं निकली, लेकिन हवा में नमी अधिक होने के कारण पसीना थमने का नाम नहीं ले रहा था। सुबह से लेकर दोपहर तीन बजे तक लोग उमस से परेशान रहे।
घरों से लेकर बाजारों और खेतों तक हर जगह लोग गर्मी से राहत पाने के लिए जूझते नजर आए। दोपहर बाद करीब तीन बजे शुरू हुई झमाझम वर्षा ने मौसम का मिजाज बदल दिया और लोगों को उमस से राहत मिली। वर्षा के बाद चली ठंडी हवाओं से वातावरण सुहावना हो गया।
शनिवार सुबह के समय ही बाजारों में निकलने वाले लोग पसीने से तर-बतर दिखाई दिए। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर चलना मुश्किल हो रहा था, जबकि पैदल चलने वालों को भी थोड़ी दूरी तय करने में परेशानी उठानी पड़ी। सरकारी और निजी कार्यालयों में भी कर्मचारी उमस के कारण असहज नजर आए।
कूलर और पंखे भी लोगों को पर्याप्त राहत नहीं दे सके, क्योंकि वातावरण में नमी अधिक होने से गर्मी का असर लगातार बना रहा। भीषण उमस का सबसे अधिक असर खेतों में काम करने वाले किसानों और पशुपालकों पर देखने को मिला। खेतों में धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य कर रहे किसानों को लगातार पसीना बहाना पड़ा। पशुपालकों को भी मवेशियों की देखभाल में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
खबरें और भी
वहीं, शहर के बाजारों में भी ग्राहक अपेक्षाकृत कम पहुंचे, जिससे व्यापार प्रभावित रहा। कई दुकानदार पूरे दिन कूलर और पंखों के सामने बैठे रहने के बावजूद राहत महसूस नहीं कर सके। इस बीच अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 32 डिग्री सेल्सियस रहा।
दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद शुरू हुई झमाझम वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत का अहसास कराया। बच्चे घरों से बाहर निकल आए, जबकि कई लोगों ने शाम के समय पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर सुहाने मौसम का आनंद लिया।
मौसम वैज्ञानिक रवींद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। वातावरण में नमी अधिक होने के कारण वर्षा से पहले उमस बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी जिले में बादल छाने और वर्षा की संभावना बनी हुई है। वर्षा होने पर लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलती रहेगी, हालांकि वर्षा से पहले उमस का दौर जारी रह सकता है।