साहसी महिला के हौंसले से हारे, एटा में अब पुलिस ने सिखाया सबक, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
एटा में एक साहसी महिला से बैग छीनने का प्रयास करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली ल ...और पढ़ें

महिला से बैग छीनने की कोशिश करने वाला बदमाश पुलिस गिरफ्त में।
जागरण संवाददाता, एटा। सड़क पर घसीटने और नाली में गिराने के बाद भी बदमाश महिला से बैग नहीं छीन पाए। साहसी महिला के हौंसले के आगे पस्त हुए बदमाशों को अब पुलिस ने सबक सिखा दिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हुआ है।
जबकि उसका साथी भी गिरफ्तार हो गया। जैथरा कस्बा में महिला से बैग लूटने का प्रयास करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
थाना जैथरा और जसरथपुर पुलिस ने शुक्रवार रात जैथरा-धरौली रोड से अरमान और शकील निवासी गांव देवराई, थाना कुरावली मैनपुरी को दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अरमान के दाहिने पैर में गोली लगी, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों बदमाशों ने छह मई की रात मोहल्ला बढ़ियान निवासी अनीता चौहान से बैग लूटने का प्रयास किया था। महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया और अपना बैग बचा लिया था।
घटना के सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने बदमाशों की पहचान की। पूछताछ में आरोपितों ने जसरथपुर क्षेत्र में सत्संग से लौट रहीं कमला देवी से कुंडल लूटने की घटना भी कबूल की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।