कांवड़ यात्रा की तैयारियां, एटा में डीएम ने दिए निर्देश...सड़क पर नहीं रहे कोई गड्ढा; रात में रोशन हों स्ट्रीट लाइट्स
एटा में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सड़कों की खामियां दूर करने और पेयजल व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने ...और पढ़ें

शनिवार को निरीक्षण के बाद अधीनस्थों को निर्देशित करते डीएम अरविंद सिंह एवं एसएसपी डा. इलामारन।
HighLights
डीएम-एसएसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
सड़कों की खामियां दूर करने और व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, एटा। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुगमता पूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को तहसील अलीगंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं काे देखा। जिसके दौरान सड़कों पर मिली खामियों को लेकर उन्होंने संबंधित को तत्काल प्रभाव से व्यवस्थाएं पूरी कराने का आदेश दिया।
साथ ही डीएम ने कहा कि कांवड़ियों के लिए पेयजल, आदि की मार्गाे पर सही व्यवस्था रखी जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम अरविंद सिंह एवं एसएसपी डा. इलामारन ने फर्रुखाबाद के अटेना घाट (कंपिल) से गंगाजल लेकर आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख मार्ग अलीगंज सरोठ, पिंजरी, जैथरा, कुरावली का भ्रमण किया।
मार्ग पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, कच्ची पटरी की स्थिति, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें, कांवड़ यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया जाए। मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था सुचारू रखी जाए।
खबरें और भी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।