सैफई में रंग-गुलाल की जगह फूलों की बारिश, अखिलेश-डिंपल और शिवपाल ने कार्यकर्ताओं संग खेली होली
सैफई में अखिलेश यादव ने पत्नी डिंपल और शिवपाल यादव के साथ हजारों कार्यकर्ताओं संग फूलों की होली मनाई। ...और पढ़ें
-1772704970848_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, इटावा। बुधवार को सैफई में फूलों की होली का आयोजन रंग-गुलाल की जगह पुष्प वर्षा, फाग की गुंज और सामूहिक उत्साह के साथ हुआ।
सपा कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्नी सांसद डिंपल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और परिवार के सदस्यों के साथ हजारों कार्यकर्ताओं के बीच फूलों की होली खेली और शुभकामनाएं दीं।
ढोलक-मंजीरे की थाप पर पारंपरिक फाग गायन ने वातावरण को लोक संस्कृति से भर दिया। होली खेले रघुवीरा जैसे गीतों पर कार्यकर्ता झूमते रहे और मंच से फूलों की वर्षा करते हुए सबने मिलकर होली के उत्सव को यादगार बनाया।
भारत की पहचान शांति से होती है- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के त्योहार अच्छाई और भाईचारे का संदेश देते हैं। आज दुनिया में जहां कई देशों के बीच संघर्ष जारी है, युद्धों और हत्याओं की खबरें हर तरफ मिलती हैं, वहीं भारत की पहचान शांति और सहअस्तित्व से होती है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि समाजवादी विचारधारा कभी युद्ध के पक्ष में नहीं रही और सत्य- अहिंसा के मार्ग को अपनाना ही इंसानियत का रास्ता है।
उन्होंने 2012 का उदाहरण देते हुए कहा कि उस वर्ष होली के बाद ही सरकार बनी थी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटों पर मेहनत करना है।
इस बार भी संकल्प लेना है कि अब तक की जीत से भी बड़ी जीत दिलानी है और सरकार बनाने की राह सैफई से ही शुरू होगी।
अखिलेश यादव ने पीडीए को सामाजिक न्याय का आधार बताया और कहा कि पीड़ितों और दुखी लोगों के साथ खड़ा होना ही पार्टी की प्राथमिकता है।
भाजपा पर अखिलेश ने साधा निशाना
उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग खुद को सनातनी बताते हैं, लेकिन व्यवहार उसके अनुरूप नहीं है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग सम्मान के साथ खड़े हैं, उनके साथ पार्टी का समर्थन है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों, महंगाई, किसान विशेष रूप से आलू किसानों की समस्याओं और बेरोजगारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता की असली समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना जरूरी है।
खबरें और भी
उन्होंने दुनिया के कई हिस्सों में जारी युद्ध, मिसाइलों और बमबारी का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसा समय पहले नहीं देखा गया जब हर घटना की जानकारी तुरंत मिल जाती हो। उन्होंने ताकतवर देशों की आक्रामक नीतियों पर इशारा किया और कहा कि अस्थिर दुनिया में भारत को संतुलित और शांति आधारित नीति अपनानी चाहिए।
अनुशासन बेहद जरूरी- शिवपाल सिंह यादव
राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अनुशासन बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2027 में सरकार बनानी है और अनुशासन के साथ ही यह संभव होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता संयम और एकजुटता से कार्य करें और किसी भी प्रकार के अनुशासनहीन व्यवहार से दूर रहें।
सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आदित्य यादव,विधायक तेजप्रताप यादव, सांसद जितेंद्र दोहरे, सपा प्रवक्ता अनुराग भदौरिया उदयवीर सिंह पूर्व मंत्री अशोक यादव, बलवीर सिंह यादव प्रदेश अध्यक्ष यूपी जल निगम कांट्रेक्टर एसोसिएशन,राजवीर सिंह यादव राजकीय ठेकदार नगला तेज, चंदगीराम यादव प्रधान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रधान संघ समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इटावा, मैनपुरी, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद और फिरोजाबाद सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। सैफई की फूलों की होली की परंपरा पिछले लगभग तीन दशक से निरंतर चल रही है।
इसकी शुरुआत समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने की थी। विवादों के बाद कपड़ा फाड़ होली के रूप को बदलकर फूलों की होली की परंपरा को स्थापित किया गया, जिसे बाद में अखिलेश यादव ने और व्यापक रूप दिया।