इटावा हाईवे पर डंपर से टकराई बस: पीछे से आई दूसरी बस ने सड़क पर खड़े यात्रियों को रौंदा; कानपुर के इंजीनियर व व्यापारी की मौत
इटावा-कानपुर हाईवे पर एक डंपर से टकराई स्लीपर बस के यात्री सड़क पर उतरे ही थे कि पीछे से आई दूसरी बस ने उन्हें रौंद दिया। इस भीषण हादसे में कानपुर के ...और पढ़ें
-1779456827756_m.webp)
दुर्घटना के बाद हाईवे पर खड़ी बस, डंपर। जागरण
HighLights
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के रेलवे ओवर ब्रिज पक्का बाग पर तड़के हुआ हादसा, दो यात्री गंभीर घायल
बस दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद हाईवे पर उतरकर खड़े थे सभी यात्री, बस की चपेट में आने से हुई मौत
जागरण संवाददाता, इटावा। इटावा-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज पक्काबाग के पास हुए भीषण बस हादसे में साफ्टवेयर इंजीनियर और कपड़ा व्यापारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक दोनों कानपुर नगर के रहने वाले हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही समय शताब्दी ट्रेवल्स की एसी स्लीपर बस शुक्रवार सुबह करीब चार बजे रेलवे ओवर ब्रिज पक्का बाग पर हाईवे पर आगे चल रहे मिट्टी भरे डंपर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस डंपर के अगले हिस्से में फंसकर सड़क पर खड़ी हो गई। हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद बस से धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
जान बचाने के लिए यात्री जल्दबाजी में बस से उतरकर सड़क पर आ गए। यात्री संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही शताब्दी ट्रेवल्स की दूसरी स्लीपर बस दुर्घटना खड़ी बस में जा घुसी। जोरदार टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त बस के आगे खड़ी उसके कई यात्री चपेट में आ गए और कुछ लोग बस के नीचे दब गए।
हादसे में कानपुर नगर के रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित गणेश नगर निवासी कपड़ा व्यापारी सोहनलाल गौतम (48) की पहिए के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नोएडा के सेक्टर-93 स्थित एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर विवेक मिश्रा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके अलावा कानपुर नगर के बर्रा बाईपास निवासी शुभम और शमशाद खान निवासी शुक्लागंज कानपुर गंभीर रुप से घायल हो गए।
खबरें और भी
शुभम को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए कानपुर ले गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया था। एनएचआई की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बसों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे की जानकारी मिलने पर एसएसपी बृजेश कुमार ने भी मौके की जानकारी ली। उन्होंने बताया प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।