इटावा में दर्दनाक हादसा: सरिया लदे ट्रैक्टर के चालक ने अचानक लगाए ब्रेक, पीछे से आए बाइक सवार की आंख में घुसी सरिया
इटावा के नौगांवा में एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रैक्टर में लदी सरिया अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रहे बाइक सवार मजदूर रामराज सिंह की आंख में घुस गई, जिससे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
ट्रैक्टर की सरिया से बाइक सवार की आंख में चोट।
मजदूर रामराज सिंह गंभीर रूप से घायल, सैफई रेफर।
परिवार चिंतित, पुलिस को शिकायत का इंतजार।
संवाद सहयोगी, जागरण इटावा। नौगांवा में सोमवार दोपहर ट्रैक्टर में लदी सरिया पीछे आ रहे एक बाइक सवार मजदूर की आंख में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए यूपीयूएमएस ले गए, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
चकरनगर के नौगांवा गांव निवासी रामराज सिंह खेतों पर मजदूरी कर बाइक से दोपहर करीब दो बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान चकरनगर से लौट रहे गांव के धर्मपाल सिंह उन्हें बाइक पर बैठाकर गांव की ओर आ रहे थे। दोनों बाइक पर सवार होकर गांव में प्रवेश ही कर रहे थे, कि आगे चल रहे मौरंग, सीमेंट और सरिया से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने गांव में सीएचसी के पास मोड़ पर तेज ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहे बाइक चालक ने सिर झुकाकर किसी तरह खुद को बचा लिया, लेकिन बाइक पर पीछे बैठे मजदूर रामराज सिंह की आंख में ट्रॉली से निकली सरिया की छड़ सीधे घुस गई।
वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल मजदूर को पहले सीएचसी राजपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया।
स्वजन का कहना है कि एक आंख पूरी खत्म हो गयी है, चोट की ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले रामराज सिंह के दो बेटियां और एक बेटा है।
घटना के बाद परिवार में चिंता और मायूसी का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि उन्हें हादसे के संबंध में कोई शिकायत अभी नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में हैवानियत: दबंगों ने युवक को पहले बेरहमी से पीटा फिर प्रेशर मशीन से प्राइवेट पार्ट में भरी हवा, हालत नाजुक