इटावा में डबल डेकर बस में लगी भीषण आग, 40 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान; दिल्ली से हमीरपुर जा रही थी
इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में दिल्ली से राठ जा रही बुंदेलखंड ट्रेवल्स की स्लीपर बस में भीषण आग लग ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली-राठ स्लीपर बस में इटावा में लगी आग।
लगभग 40 यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
यात्रियों का लाखों का सामान, दस्तावेज जलकर खाक।
जागरण संवाददाता, इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली से राठ जा रही बुंदेलखंड ट्रेवल्स की स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब 40 यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में सिया देवी मेमोरियल अस्पताल के सामने की बताई गई है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस आग की लपटों से घिर गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस दौरान यात्रियों का लाखों रुपये का सामान, जेवरात, जरूरी दस्तावेज और अन्य सामान जलकर खाक हो गया।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाए जाने तक बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
सीओ सिटी ने लिया जायजा
सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बस में सवार यात्रियों से घटना की जानकारी ली। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए दूसरी बसों से उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया गया। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
