Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    इटावा में खेत में गिरा 10 फीट का ड्रोन, किसानों में दहशत, बोले- क्या इजरायल-ईरान युद्ध से जुड़ा है?

    Updated: Sat, 04 Apr 2026 02:53 PM (IST)

    इटावा के नंदपुर गांव में एक 10 फीट लंबा ड्रोन गेहूं के खेत में गिर गया। इसे खेत में मौजूद किसानों में अफरातफरी मच गई। ...और पढ़ें

    नंदपुर गांव में गेहूं के खेत में पड़ा ड्राेन। जागरण

    नंदपुर गांव में गेहूं के खेत में पड़ा ड्राेन। जागरण

    HighLights

    1. 10 फीट लंबा ड्रोन खेत में गिरते ही जोरदार आवाज हुई

    2. एसडीएम सहित पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे

    3. कोई जनहानि नहीं, गेहूं की फसल क्षतिग्रस्त।

    संवाद सहयोगी, सैफई (इटावा)। इटावा के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में करीब 10 फीट लंबा रहस्यमयी ड्रोन गिरा मिला। ग्रामीणों और किसानों ने इसे देखकर दहशत जताई और तरह-तरह की आशंकाएं जताने लगे। कुछ लोगों ने इसे अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर इजरायल-ईरान तनाव से जोड़कर देखा। सूचना मिलते ही पुलिस दमकल की टीम मौके पर पहुंची। वहीं, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने इस हादसे पर बयान पोस्ट किया है।

    दरअसल, नंदपुर गांव में शुक्रवार शाम साढ़े छह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब हवाई पट्टी से प्रशिक्षण के लिए उड़ाया गया एक विशाल ड्रोन तकनीकी खराबी के चलते अनियंत्रित होकर नंदपुर गांव के पास गेहूं के खेत में जा गिरा। करीब 500 मीटर दूर गिरे 10 फीट लंबे ड्रोन के खेत में गिरते ही जोरदार आवाज हुई और आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

    सैफई हवाई पट्टी पर प्रशासन की अनुमति से गुरुग्राम की एक निजी कंपनी लेट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। उसी दौरान उड़ान भर रहा ड्रोन अचानक नियंत्रण खो बैठा और नजफ सिंह के खेत में जा गिरा, जिससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। जफरपुर गांव के पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह यादव कुछ लोगों के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। अचानक आसमान से ड्रोन गिरते देख वे भी अचंभित रह गए। उन्होंने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।

    भूपेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया, लेकिन बाद में पता चला कि यह प्रशिक्षण के दौरान उड़ाया जा रहा ड्रोन था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा की दृष्टि से ड्रोन को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लिया गया। वहीं कंपनी से जुड़े कर्मचारी भी अपनी गाड़ियों से मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

    खबरें और भी

    एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि हवाई पट्टी पर एक निजी कंपनी को ड्रोन प्रशिक्षण की अनुमति दी गई है। उसी कंपनी का एक ड्रोन तकनीकी कारणों से अनियंत्रित होकर नंदपुर क्षेत्र में गिर गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रोन पूरी तरह मानवरहित था और इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


    अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश चंद्र ने बताया कि प्रशासन की अनुमति से प्रशिक्षण चल रहा था। ड्रोन गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया है। पुलिस टीम पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और तकनीकी कारणों का पता लगाया जा रहा है।

    कुम्हावर चौकी प्रभारी अभिषेक यादव ने क्षतिग्रस्त ड्रोन को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। खेत मालिक नजफ सिंह ने गेहूं की फसल को नुकसान होने की बात कही है और उचित मुआवजे की मांग की है। गौरतलब है कि सैफई हवाई पट्टी पर निजी कंपनियां प्रशासन की अनुमति से ड्रोन प्रशिक्षण करती हैं और इसके लिए निर्धारित शुल्क जमा करती हैं।

    लापरवाही की जांच की मांग

    सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि युद्ध के वातावरण में अचानक किसी खेत में एक बड़े ड्रोन के, गेहूं के खेत में गिरने से इटावा ज़िले के सैफई इलाके के नंदपुर गांव में दहशत और अफ़रातफ़री मच गयी। अगर ये किसी सरकारी परीक्षण-टेस्ट या एक्सपेरिमेंट का हिस्सा है तो प्रदेश के नागरिकों को पहले से सूचना देकर आगाह करना था। सरकार इस मामले में जाँच बिठाए और किसान के खेत में हुई आर्थिक हानि और मानसिक आघात का आंकलन-मूल्यांकन करके किसान को यथोचित मुआवजा दे।